बदायूं: ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, एक घायल
बदायूं, उघैती, अमृत विचार : शनिवार देर रात थाना उघैती क्षेत्र में ट्रक ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां चिकित्सक ने एक युवक की मौत घोषित कर दी जबकि दूसरे युवक का इलाज शुरू किया गया है।
थाना मुजरिया क्षेत्र के गांव नैथुआ निवासी अनिल कुमार (24) पुत्र अनेक सिंह शनिवार देर शाम अपने गांव में रहने वाले बागेश के साथ बाइक से कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के गांव बाला किशनपुर जा रहे थे। गांव गोदी नगला से खितौरा मार्ग के बीच विपरीत दिशा से आए ट्रक ने सामने से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
ट्रक पकड़ लिया जबकि चालक भाग गया। राहगीरों ने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों युवकों को इलाज के लिए भेजा। जहां चिकित्सक ने अनिल कुमार को मृत घोषित कर दिया। बागेश का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
ये भी पढ़ें - बदायूं: रात्रि कालीन निरीक्षण के लिए बनेगी टीमें, नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए जिले में हो रही तैयारी
