गोंडा: पासपोर्ट सत्यापन में वसूली की शिकायत मिली तो आधी रात थाने पहुंच गए एसपी, एसएचओ व सिपाही को किया लाइन हाजिर, हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा। जिले के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल का रविवार को बड़ा एक्शन सामने आया। पासपोर्ट सत्यापन में अवैध वसूली की शिकायत‌ मिलने पर एसपी आधी रात इटियाथोक थाने पहुंच गए। एसपी को थाने पर देख पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। मामले की पड़ताल की तो वसूली की सच्चाई सामने आ गयी। इस पर उन्होने थाने के एसएचओ अरुण कुमार त्रिगुणायत व सिपाही कमलेश कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का निर्देश भी दिया गया है। एसपी की कार्रवाई से महकमें में खलबली मची है। 

दरअसल शनिवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल को फोन पर शिकायत मिली थी कि इटियाथोक थाने पर पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर एक हजार रुपये वसूली की जा रही है। एसपी ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए थाने के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार त्रिगुणायत से मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी थी। एसपी का कहना है कि एक तो एसएचओ ने दिनभर रिपोर्ट नहीं दी। देर शाम को रिपोर्ट भेजी भी तो तथ्यों को छिपाते हुए सम्बन्धित कर्मी के बचाव में भ्रामक एवं गोल-मोल रिपोर्ट प्रेषित की गयी। रिपोर्ट को देखकर एसपी का पारा चढ़ गया और वह आधी रात के करीब इटियाथोक थाने पहुंच गए।

एसपी को अचानक  थाने में देख पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्होने वसूली को लेकर सवाल जवाब किया तो एसएचओ सही जवाब नहीं दे सके। एसपी की जांच में वसूली का शिकायत सही पायी गयी जबकि प्रभारी निरीक्षक भ्रामक रिपोर्ट भेजने के दोषी पाए गए। इस पर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार त्रिगुणायत व वसूली करने वाले सिपाही कमलेश कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। एसपी ने  एसएचओ व सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का भी निर्देश दिया है‌। एसपी के इस तेवर से पुलिस महकमें में खलबली मच गयी है‌। 

पांच उपनिरीक्षकों की तैनाती में फेरबदल 

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने रविवार को पांच उपनिरीक्षकों के तैनाती में फेर बदल किया है। थाना उमरी बेगमगंज में तैनात उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह को न्यायालय सुरक्षा व तरबगंज से उपनिरीक्षक संदीप वर्मा को थाना परसपुर भेजा गया है। चौकी प्रभारी महाराजगंज घनश्याम वर्मा थाना छपिया भेजे गये हैं। खरगूपुर से छपिया भेजे गए उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह का स्थानांतरण संशोधित करते हुए उन्हें डीसीआरबी का प्रभारी बनाया गया है। जबकि प्रभारी डीसीआरबी कृष्ण गोपाल राय को मीडिया सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें: वाराणसी में फाइनेंस कर्मचारी को अज्ञात युवकों ने मारी गोली, मौत, कोहराम

संबंधित समाचार