डोमिनिकन गणराज्य के राजदूत डेविड पुइग ने देखीं रामपुर की धरोहर
रामपुर पहुंचे राजनयिक से इंटेक रुहेलखंड चैप्टर के सह संयोजक काशिफ खान की मुलाकात
रामपुर, अमृत विचार। भारत में डोमिनिकन गणराज्य के राजदूत डेविड पुइग ने रजा लाइब्रेरी सहित ऐतिहासिक स्थलों का दौरा किया। इसके अलावा उन्होंने इमामबाड़ा खासबाग में जरीह और अलमों की जियारत की। उन्होंने कहा कि रामपुर आकर उन्हें बहुत अच्छा महसूस हुआ।
राजदूत डेविड पुइग ने रजा लाइब्रेरी, जामा मस्जिद, गांधी समाधि, शाही इमामबाड़ा और खासबाग पैलेस देखा। उन्होंने कहा कि रामपुर के इतिहास और इस शहर में स्थित धरोहरों में विश्व के लोगों की रुचि है। राजदूत ने बताया कि उनके देश से भारत के बहुत अच्छे संबंध हैं।
इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटज (इंटेक) रुहेलखंड चैप्टर के सह संयोजक काशिफ ख़ान ने बताया कि राजदूत डेविड पुइग रामपुर आए थे और कई ऐतिहासिक स्थल देखकर वापस लौट गए। डेविड पुइग भारत से पहले फ्रांस, मिस्र और बेल्जियम में भी राजनयिक रहे हैं। उन्होंने भारत में रहते हुए हिंदी भी सीखी है। इस मौके पर काशिफ खान के अलावा इंटेक के सदस्य माजिद खां उर्फ राजा खां, सैय्यद मोमिन इकबाल और सैय्यद माज़ इकबाल भी राजदूत के साथ रहे।
ये भी पढ़ें- रामपुर : निजी क्लीनिक में भर्ती महिला की मौत, मचा हंगामा...परिजनों ने लगाया स्टाफ पर लापरवाही का आरोप
