बदायूं: खेत की तारकशी में छोड़े करंट से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
ट्यूबवैल के मालिक ने खेत के चारों तारकशी करके छोड़ा था करंट
बदायूं, अमृत विचार। ट्यूबवैल से फसल की सिंचाई करने के दौरान युवक खेत की तारकशी की चपेट में आ गया। करंट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिजनों में चीत्कार मच गया। सूचना पर पुलिस पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने ट्यूबवैल मालिक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव चिंजरी निवासी सोमवीर (25) पुत्र जोगेंद्र अपने माता-पिता के इकलौते थे। वह ई-रिक्शा चलाकर और खेती करके परिवार का पालन पोषण करते थे। शनिवार देर रात वह फसल की सिंचाई करने के लिए खेत पर गए थे। पड़ोस में राय सिंह के खेत में लगे ट्यूबवैल से सिंचाई कर रहे थे। राय सिंह ने अपने खेत पर तारकशी करके उसमें करंट छोड़ दिया था।
रात लगभग एक बजे तारकशी के संपर्क में आकर उन्हें करंट लग गया। सोमवीर की मौत हो गई। पास में खेत पर काम कर रहे ग्रामीणों ने देखा तो परिजन और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने ट्यूबवैल मालिक पर लापरवाही करने का आरोप लगाया। बताया कि ट्यूबवैल मालिक ने बिजली के खुले तार छोड़ दिए थे। जिसके चलते युवक की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- बदायूं: हड़ताल पर कोटेदार, राशन वितरण में परेशानी, उपभोक्ताओं को राशन मिला मुश्किल
