Kannauj: सर्राफा कारोबारी की लूट के बाद बदमाशों ने गोली मारकर की थी हत्या... गम बर्दाशत न कर सकी मंगेतर, फांसी लगाकर की आत्महत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लटककर दे दी जान कन्नौज में व्यापारी की मंगेतर ने फंदे पर लटककर दी जान।

कन्नौज में बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी और लूट की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद से उसकी मंगेतर गमजदा थी और गुमसुम रह रही थी। सदमे के कारण उसने खुद को कमरे में बंद कर दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

कन्नौज, गुरसहायगंज, अमृत विचार। होने वाले पति की हत्या के सदमे से घटना के तीन दिन बाद मंगेतर ने दुपट्टे का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इससे परिजनों में चीख पुकार मच गई। मौके पर परिजनों सहित स्थानीय लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंचे एएसपी, सीओ, कोतवाल सहित चौकी प्रभारी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।   

सोमवार की सुबह लगभग 08.40 बजे ग्राम मलिकपुर निवासी नफीस खान की पुत्री सोनी (22) ने कमरे की छत के कुंडे से दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। खबर फैली तो आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर लग गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। अपर पुलिस अधीक्षक संसार सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर कमलेश कुमार, कोतवाल जयप्रकाश शर्मा, समधन चौकी प्रभारी राजेश प्रताप सिंह ने पहुंचकर युवती के शव को फंदे से उतरवाया।

Suicide fiancee

सोनी की मौत के बाद भाई सलमान, राजा व बहन मोनी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता नफीस ने बताया कि घटना के समय वह सुबह खेत की ओर गया था। अन्य परिजन सर्दी अधिक होने के कारण घर के बाहर आग ताप रहे थे। बताया कि 17 दिसंबर 2023 को सोनी की रुकाई कस्बा समधन के मोहल्ला दारा सराय निवासी अयाज के साथ हुई थी।

शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर गोली मारकर अयाज की हत्या कर दी थी। घटना के बाद से सोनी गुमसुम रहने लगी और खुद का नसीब खराब होने की बात कहती थी। परिजनों के काफी समझाने के बाद भी उसका गम कम होने का नाम नहीं ले रहा था। होने वाले पति के वियोग में बेसुध हुई बेटी ने आखिरकार फंदा लगाकर जान दे दी। उधर, सर्राफ के परिजन भी मौके पर पहुंचे और घटना का दुख व्यक्त कर ढांढस बंधाया। दोनों ही परिवारों में अपनों को खोने का गम साफ नजर आ रहा था।

ये भी पढ़ें- Kannauj: लूट के विरोध में व्यापारी की गोली मारकर की थी हत्या, लुटेरे CCTV में कैद, परिजन बोले- मेरा सब कुछ हो गया बर्बाद

संबंधित समाचार