हरदोई: फिरौती मांगने वाला इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, कारोबारी का अपहरण कर मांगी थी 20 लाख की फिरौती
हरदोई। रेडीमेड कारोबारी के अपहरण करने गैंग की धरपकड़ के लिए पुलिस का ऑपरेशन सफाया जारी है। सोमवार को उसी अपहरण के मामले में 20 लाख की फिरौती मांगने वाले बाराबंकी के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसकी तरफ से की गई जवाबी फायरिंग में सण्डीला कोतवाली में तैनात एसआई और एक कांस्टेबल भी ज़ख्मी हुआ है।
बताते चलें कि अपहरण के इसी मामले में पुलिस से हुई मुठभेड़ में चार बदमाशों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।बात 19 दिसंबर की है,पाली थाने के बारी गांव निवासी रेडीमेड कारोबारी रामजी मिश्रा पुत्र कमल किशोर मिश्रा का उस वक्त अपहरण कर लिया गया था,जब वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। पुलिस ने केस दर्ज करते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू करते हुए एक के बाद एक कर चार बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।
जबकि उस मामले में 20 लाख की फिरौती मांगने वाले शातिर बदमाश साबिर पुत्र मोहम्मद इस्राफिल निवासी पी/780 भिटारी पीर थाना बटावन ज़िला बाराबंकी की सरगर्मी से तलाश की जा रही थी। इसके लिए एसओजी/स्वाट और सर्विलांस टीम के अलावा पूरे ज़िले की पुलिस जुटी हुई थी। साबिर के ऊपर 25 हज़ार का ईनाम था।सोमवार को सण्डीला कस्बे में बस स्टॉप चौकी तिराहे पर चेकिंग की जा रही थी, उसी बीच पता चला कि बाइक सवार इनामी बदमाश सण्डीला-औरास रोड पर सुम्बाबाग के पास से हो कर कहीं जा रहा है।
इसका पता होते ही एसएचओ सण्डीला नित्यानंद सिंह, एसएचओ कासिमपुर विजेंद्र सिंह के अलावा एसओजी/स्वाट टीम प्रभारी ब्रजेश मिश्रा, सर्विलांस टीम प्रभारी आशीष सिंह ने अपनी-अपनी टीम के साथ वहां घेराबंदी कर दी। उसी बीच उधर निकले बाइक सवार ने खुद को पुलिस से घिरा देख कर फायरिंग करने लगा।
पुलिस को भी जवाबी फायरिंग करनी पड़ी। उसी में बाएं पैर में गोली लगने से बाइक सवार ज़ख्मी हो कर वहीं गिर पड़ा। जिसकी शिनाख्त शातिर ईनामी बदमाश साबिर के रूप में की गई। बदमाश की तरफ से की गई फायरिंग में सण्डीला कोतवाली में तैनात एसआई वीरप्रताप सिंह और कांस्टेबल आशीष सिंह ज़ख्मी हो गया। गोली लगने से ज़ख्मी बदमाश को सण्डीला सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उसे मेडिकल कालेज भेजा गया है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, कोहरे में रास्ता भटक गया था ग्रामीण
