संतकबीरनगर: 22 जनवरी को देखते हुए मंदिरों पर होने लगीं तैयारियां, यादगार बनाने में जुटे हिंदू संगठनों के पदाधिकारी
समय माता मंदिर, श्रीराम जानकी मंदिर समेत सभी प्रमुख मंदिरों पर धार्मिक आयोजनों की हो रही तैयारियां
संतकबीरनगर। 22 जनवरी का दिन समूचे भारत के लिए उत्सव का दिन होने वाला है। लगभग 500 वर्षों की लम्बी लड़ाई और तमाम बलिदानों के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित होना है। इस ऐतिहासिक अवसर को देश भर में उत्सव के रुप में मनाए जाने की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। हिंदू संगठनों द्वारा घर-घर पूजित अक्षत, श्रीराम मंदिर की तस्वीर और केसरिया ध्वज वितरित किया जा रहा है।

22 जनवरी को शहर से लगायत ग्रामीण क्षेत्रों के सभी मंदिरों पर अखण्ड रामायण, सुंदर काण्ड, भजन, विष्णु सहस्त्रनाम आदि का गायन किया जाएगा। सायंकाल मंदिरों और घरों पर असंख्य दीप प्रज्ज्वलित कर दीपावली मनाई जाएगी। हर कार्यक्रम की तैयारियों के लिए हिंदू संगठनों द्वारा टीमें गठित की गई हैं। खलीलाबाद स्थित समय माता मंदिर, श्रीराम-जानकी मंदिर, हनुमान गढ़ी, लक्ष्मी नारायण मंदिर, बरदहिया बाजार स्थित मां दुर्गा मंदिर समेत शहर और देहात क्षेत्र के सभी मंदिरों को सजाने संवारने का काम जारी है।

22 जनवरी को ऐतिहासिक दीपावली मनाएगा सनातन समाज-पूर्व सांसद
पूरी तैयारियों को लेकर बात करने पर पूर्व सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता इंद्रजीत मिश्र ने बताया कि श्रीराम मंदिर आंदोलन में संतकबीरनगर जिले का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उस समय जनपद का श्रृजन नहीं हुआ था। यह समूचा क्षेत्र बस्ती जनपद में आता था। आंदोलन के दौरान बंगाल बिहार झारखंड आदि प्रदेशों के आंदोलनकारी खलीलाबाद से होकर ही अयोध्या जा रहे थे। यहां के नागरिकों ने महीनों तक रामभक्तों के ठहरने और भोजन का प्रबंध किया था।

ऐसे में भगवान श्रीराम का प्राण प्रतिष्ठा समारोह संतकबीरनगर की जनता के लिए विशेष महत्व रखता है। हर हिन्दू सनातनी परिवार 22 जनवरी को ऐतिहासिक दीपावली मनाएगा। इस दौरान पूरे दिन मंदिरों पर भजन कीर्तन और रामायण का आयोजन होगा और सायंकाल भब्य दीपोत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि राम मंदिर आंदोलन के सभी साथियों सहित सनातन समाज 22 जनवरी के बाद उपयुक्त तिथि पर भगवान श्रीराम का दर्शन करने अयोध्या जाएगा।
यह भी पढ़ें: बिलकिस बानो पर आया फैसला गुजरात की बीजेपी सरकार पर है झन्नाटेदार तमाचा: प्रमोद तिवारी
