कासगंज: अब बिलराम गेट पर नहीं, ग्राम तरौरा में किला के समीप लगेगा सोम बाजार
यातायात व्यवस्था और जाम से निजात दिलाने को प्रशासन ने लिया निर्णय
फोटो- शहर के बिलराम गेट पर लगे सोम बाजार में खरीददारी करती लोगों की भीड़।
कासगंज, अमृत विचार: शहर के बिलराम गेट पर लगने वाला सोम बाजार का स्थान परिवर्तित किया गया है। यातायात व्यवस्था और जाम से निजात दिलाने के लिए तहसील प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। अब सोम बाजार गांव तरौरा में किला के समीप लगेगा। एसडीएम ने शर्तों के साथ इसकी अस्थाई अनुमति दी है।
बीते लगभग दो वर्ष से सोम बाजार शहर के बिलराम गेट नायरा पेट्रोल पंप के पीछे मैदान में लगता रहा है। सोमवार बाजार में दूरदराज से आने वाले दुकानदार अपनी दुकानें सजाते हैं और बड़ी संख्या में खरीददारों की भीड़ पहुंचती है। इससे यहां यातायात व्यवस्था बे-पटरी हो जाती है, जाम लगता है लोगों के परेशानी होती है।
समीपीय प्राइवेट बस स्टैंड भी है। लगभग एक वर्ष एक बस अनियंत्रित हो जाने सोम बाजार में घुस गई थी तो हादसा होते हाते टल गया था। एक दुकानदार का हाथ कट गया था। बीते दिनों बजरंग दल के जिला संयोजक अमरीश वशिष्ठ के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को ज्ञापन देकर जाम से निजात दिलाने एवं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से सोम बाजार का स्थान परिवर्तित किए जाने की मांग की थी।
पालिका और पुलिस की आख्या एसडीएम द्वारा मांगी गई। आख्याओं के आधार पर एसडीएम ने स्थान परिवर्तित करने के निर्देश दिए हैं साथ ही ग्राम तरौरा के गाटा संख्या 266 में मुकुल मान सिंह, मुदित मान सिंह के परिसर में लगाए जाने की अस्थाई अनुमति दी है। अनुमति में एसडीएम ने स्पष्ट कहा है कि यह अनुमति नितांत अस्थाई है। शर्तों के उल्लंघन पर अनुमति को बिना पूर्व सूचना के निरस्त की जा सकती है।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोम बाजार का स्थान परिवर्तित करने का निर्णय लिया गया है। दुकानदार अब नए स्थान पर ही अपनी दुकानें लगाएं--- संजीव कुमार, एसडीएम।
यह भी पढ़ें- कासगंज: ठंड से ठिठुर कर तीर्थ नगरी में युवक की मौत, नहीं हो सकी शिनाख्त
