बदायूं: पंजाब से झारखंड ले जा रहे थे शराब, 615 पेटी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
थाना इस्लामनगर पुलिस और एसओजी की टीम ने अहल्लैहपुर मार्ग पर की थी ट्रक की चेकिंग
बदायूं, अमृत विचार। एसओजी और थाना इस्लामनगर पुलिस ने पंजाब से झारखंड शराब लेकर जा रहे ट्रक को पकड़ा। दो तस्करों को गिरफ्तार किया। जिसमें एक ट्रक का मालिक और दूसरा चालक है। उन लोगों को पंजाब में कोई व्यक्ति शराब लोड करके ट्रक देता है और झारखंड में भी कोई व्यक्ति ट्रक से शराब उतरवाकर खाली ट्रक उन्हें वापस करता है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए जेल भेजा है।
एसओजी को सोमवार रात पंजाब से शराब आने की सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि एक दस टायरा ट्रक में पंजाब के चौक जालंधर से झारखंड अवैध शराब ले जाई जा रही है जो बदायूं की सीमा से होकर गुजरेगी। एसओजी ने नेटवर्क फैला दिया। पता चला कि ट्रक थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव अहल्लैपुर - बहजोई बार्डर से होते हुए आएगा। एसओजी ने थाना इस्लामनगर के प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह को सूचना दी। एसओजी और थाना पुलिस ने घेराबंदी की। संभल और बदायूं की सीमा पर चेकिंग शुरू की।
मंगलवार सुबह दस टायरा एक ट्रक बदायूं की ओर आता दिखा। टीम ने उसे रोक लिया। ट्रक में दो लोग सवार थे। जो पुलिस को देखते ही घबरा गए। उनमें से एक ट्रक का चालक और उसका मालिक थे। ट्रक की तलाशी ली तो सामने से पशुओं को खिलाने वाले चोकर के कट्टे लदे थे। टीम ने भीतर तक चेक किया तो शराब की पेटिंयां छिपी मिलीं। आबकारी विभाग को सूचना देकर बुलाया।
ट्रक को थाना इस्लामनगर लाया गया। शराब की पेटी बाहर निकालीं। जो 615 थीं। जिसमें अंग्रेजी शराब की इंपीरियल ब्लू की 95 पूरी व 150 हाफ की पेटी, ऑफिसर चोआइस की 90 फुल, 200 हाफ व क्वार्टर की 42 पेटी, ओल्ड मोंक की 15 फुल, 18 हाफ और क्वार्टर की 5 पेटी बरामद हुईं। ट्रक चालक ने अपना नाम जम्मू कश्मीर के जिला रजौरी क्षेत्र के थाना निसेरा क्षेत्र के गांव लडोका निवासी सूरज प्रकाश पुत्र जगदीश चंद्र और मालिक ने अपना नाम पंजाब के थाना कैनाल भटिंडा क्षेत्र के गांव प्रतापनगर निवासी मनजीत सिंह पुत्र चरण सिंह बताया।
ट्रक मालिक मनजीत सिंह ने बताया कि राजपुरा पंजाब निवासी निशांत सिंह ने उनका ट्रक किराए पर मंगवाता है। वह ट्रक लेकर कहीं जाता है और शराब भरवाकर रविदास चौक जालंधर पर उनके हवाले कर देता है। वह लोग शराब झारखंड के शहर गंडवा ले जाते हैं। जहां कोई व्यक्ति मिलता है जो ट्रक ले जाता है और कहीं पर शराब उतारकर वापस कर देता है।
थाना इस्लामनगर क्षेत्र में एक ट्रक से शराब की 615 पेटियां बरामद हुई थीं। जो पंजाब से झारखंड ले जाई जा रही थीं। ट्रक से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। रिपोर्ट दर्ज करके दोनों को जेल भेजा गया है। उनके साथियों की जानकारी की जा रही है- आलोक प्रियदर्शी, एसएसपी।
ये भी पढे़ं- बदायूं: सीकरी की प्रधान और सचिव ने 13 लाख से अधिक धनराशि का किया गबन, दर्ज होगी FIR
