पीलीभीत: आठ माह की गर्भवती नवविवाहिता का फंदे से लटका मिला शव, मायके वालों को हत्या का शक
पीलीभीत, अमृत विचार। संदिग्ध परिस्थितियों में आठ माह की गर्भवती महिला की ससुराल में मौत हो गई। उसका शव फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर मायके वाले बिटिया की ससुराल पहुंचे और हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। न्यूरिया पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मूल रुप से बरेली जिले के फरीदपुर की रहने वाली 25 वर्षीय नीरज पुत्री भजनलाल की शादी ग्यारह माह पूर्व न्यूरिया थाना क्षेत्र के बिथरा गांव निवासी हरेंद्र कुमार से हुई थी। विवाहिता वर्तमान में आठ माह की गर्भवती थी।
सोमवार शाम को ससुराल में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुरालियों की मानें तो विवाहिता ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। जबकि मायके वालों का कहना है कि इसकी उन्हें कोई सूचना ससुरालियों की ओर से नहीं दी गई थी। गावं के ही एक व्यक्ति ने फोन कर जानकारी दी। इस पर भाई सुरेश, देवीदास कुछ देर बाद ही गांव पहुंच गए थे। उस वक्त नीरज का शव ससुराल में जमीन पर था। उसे फंदे से उतारा जा चुका था।
आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने पहले विवाहिता की हत्या की और फिर फंदे से शव लटकाकर खुदकुशी का रुप देने की कोशिश की। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। न्यूरिया पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। मंगलवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ये भी पढे़ं- पीलीभीत: पैदल रेल पटरी पार करने जा रहे तो हो जाएं सावधान, कहीं मुश्किल न बढ़ जाए...जानिए क्यों पकड़े गए 15 लोग
