पीलीभीत: पैदल रेल पटरी पार करने जा रहे तो हो जाएं सावधान, कहीं मुश्किल न बढ़ जाए...जानिए क्यों पकड़े गए 15 लोग
पीलीभीत/पूरनपुर, अमृत विचार: ओवरब्रिज छोड़कर पैदल रेल पटरियां पार करने वाले एक दर्जन से अधिक युवकों को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने हिरासत में लिया है। इसको लेकर स्टेशन पर बखेड़ा खड़ा हो गया। हिरासत में लिए गए युवक आरपीएफ के जवानों से भिड़ गए। दोनों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई। स्टेशन पहुंचे परिजनों ने भी हंगामा किया।मामला बढ़ता देख आरपीएफ हिरासत में लिए युवकों को लेकर पीलीभीत स्थित आरपीएफ थाने लेकर चली गई।
बता दें कि शाहगढ-मैलानी के बीच अभी एकमात्र ट्रेन का संचालन हो रहा है। ट्रेन शुरू होने से पहले नगर स्थित रेलवे स्टेशन से पैदल पटरियां पार करना आम बात थी। लेकिन ट्रेन शुरू होने के बाद लगातार इस संबंध में लोगों को जागरुक किया जा रहा है कि ओवरब्रिज से ही आना जाना करें। ताकि ट्रेन आने की स्थिति में किसी भी तरह के हादसे से सुरक्षित रह सकें। इसके बावजूद लोगों की आदतों में बदलाव नहीं हो रहा है।
सोमवार को पैदल पटरियां पार कर रहे युवाओं को आरपीएफ के जवानों ने टोका, तो वे उनसे भिड़ गए। बहसबाजी के बीच जवानों ने उन्हें हिरासत में ले लिया। धीरे-धीरे हिरासत में लिए गए युवकों की संख्या 15 तक पहुंच गई। संख्या बल अधिक होने पर वे जवानों से नोकझोंक करने लग गए। दोनों के बीच झड़प की नौबत आ गई। इस बीच युवाओं के परिजन भी स्टेशन पर पहुंच गए और आरपीएफ की कार्रवाई पर विरोध दर्ज कराया।
भीड़ और बात बढ़ने पर आरपीएफ करीब 15 युवकों को हिरासत में लेकर पीलीभीत के लिए लेकर रवाना हो गई। उधर विरोध दर्ज कराने के बाद युवकों के परिजन स्थानीय नेताओं के पास पहुंचे और स्थिति बताई। कुछ लोगों ने नगर पालिका चेयरमैन शैलेंद्र गुप्ता के पास जाकर समस्या बताई और मामले में मदद मांगी है।
लोगों को जागरूक करने के लिए कई बार अनाउंसमेंट कराया गया। कुछ युवक रेल पटरी पार कर रहे थे। उन्हें रोका गया तो वह अभद्रता करने लगे। उन्हें हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है--- शहनवाज, इंचार्ज थाना आरपीएफ।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: एसओ और नायब तहसीलदार को नोटिस, एसडीएम बोले- तालाब कब्जा हुआ तो आप होंगे जिम्मेदार
