पीलीभीत: खांसी-जुकाम की दवा लेने आई महिला को लगाए इंजेक्शन और चंद मिनट में चली गई जान..जानिए पूरा मामला  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। खांसी जुकाम की दवा लेने निजी क्लीनिक पर गई महिला की इंजेक्शन लगने के कुछ मिनट बाद ही मौत हो गई।  परिवार वालों ने गलत इंजेक्शन लगाने से मौत का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच मामला शांत कराया। शव पोस्टमार्टम को भेज पुलिस पड़ताल कर रही है। 

न्यूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम रूरा रामनगर के निवासी सोमपाल ने बताया कि वह खेती कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। सोमवार को वह सर्दी को देखते हुए गर्म कपड़ों की खरीदारी करने के लिए साइकिल से शहर आए थे। पत्नी मनकोरा देवी (45) और दो बेटे दिनेश व कृष्णपाल बाइक से अलग आए। पहले सभी लोगों ने बैंक पहुंचकर रुपये निकाले। फिर कुछ खरीदारी की। पत्नी मनकोरा देवी को खांसी जुकाम की मामूली दिक्कत थी। चूंकि शहर आए थे तो सोंचा डॉक्टर को दिखाकर दवा लेते जाएं।  इस पर देर शाम नकटादाना चौाराहा के पास स्थित एक निजी क्लीनिक पर लेकर गए। डॉक्टर ने कुछ दवाएं दी। इसके बाद दो इंजेक्शन एक ही में मिलाकर पत्नी मनकोरा देवी को लगा दिए। 

चंद मिनट बाद ही पत्नी की हालत बिगड़ने लगी और मौत हो गई।डॉक्टर ने चेकअप करके मृत घोषित कर दिया। इसके बाद स्टाफ भी क्लीनिक से भाग गया।  महिला की मौत की खबर मिलते ही अन्य परिवार वाले और ग्रामीण आ गए। इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। परिजन ने गलत इंजेक्शन लगाने से मौत का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।  पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देकर परिवार वालों को शांत कराया। मंगलवार को महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।  उधर, परिवार में घटना के बाद चीख पुकार मची रही।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: आठ माह की गर्भवती नवविवाहिता का फंदे से लटका मिला शव, मायके वालों को हत्या का शक

संबंधित समाचार