Video : संतकबीरनगर में IIT छात्रा के लिए कांग्रेस ने मांगा इन्साफ, अजय राय के खिलाफ मुकदमे पर भड़के
संतकबीरनगर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रहे महिला अपराधों और विरोध करने पर विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ दर्ज कराए जा रहे फ़र्जी मुकदमों को लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष प्रवीण चंद्र पांडेय के नेतृत्व में बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए महामहिम राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
सौंपे गए ज्ञापन में जिलाध्यक्ष प्रवीण चंद्र पांडेय ने बताया कि वर्ष 2023 की एनसीआरबी रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश महिला अपराधों के मामले में पहले स्थान पर है। इस रिपोर्ट के अनुसार भारत में होने वाले अपराधों में 15 प्रतिशत अकेले उत्तर प्रदेश में हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला अपराधों की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बीते 2 नवंबर 2023 को बीएचयू की आईआईटी छात्रा की भाजपा के तीन युवा नेताओं ने गन प्वाइंट पर नग्न विडियो बनाई और उसके साथ दुष्कर्म भी किया। छात्रा द्वारा आरोपियों की पहचान कर लेने और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों की पहचान व अपराध की पुष्टि हो जाने के बाद भी भाजपा ने तीनों आरोपियों को मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए भेज दिया।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा का असली चरित्र उजागर हो चुका है। मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर आवाज उठाई तो उनके खिलाफ ही फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया गया। सौंपे गए ज्ञापन में जिलाध्यक्ष प्रवीण चंद्र पांडेय ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ दर्ज फर्जी मुकदमे को वापस लेने और दुष्कर्म के आरोपी तीनों भाजपा नेताओं को शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की मांग किया है। इस अवसर पर गुड्डू उपाध्याय, सच्चिदानंद यादव, रविलाल शर्मा, सुनील पाण्डेय, अमित सिंह, विष्णु सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, मनोज, गोलू, दुर्गेश सिंह, दिनेश राय, मदन राय, राजू गौड़, बृजेश मिश्र, वेद पाण्डेय समेत तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Video : संतकबीरनगर में IIT छात्रा के लिए कांग्रेस ने मांगा इन्साफ, अजय राय के खिलाफ मुकदमे पर भड़के pic.twitter.com/8rgl03FpRF
— amrit vichar (@amritvicharlko) January 10, 2024
ये भी पढ़ें -संतकबीरनगर : आय, जाति और निवास के रिजेक्ट अप्लीकेशन पर होगी त्वरित सुनवाई, डीएम ने दिया ये आदेश
