संतकबीरनगर : आय, जाति और निवास के रिजेक्ट अप्लीकेशन पर होगी त्वरित सुनवाई, डीएम ने दिया ये आदेश
संतकबीरनगर, अमृत विचार। पुलिस भर्ती के लिए आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को आय जाति और निवास प्रमाण पत्र के लिए परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। जिन आवेदकों के आवेदन पत्र कतिपय कारणों से निरस्त कर दिये गए हैं वे जिला समाज कल्याण अधिकारी के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराएं। ऐसी सभी शिकायतों का निस्तारण जिलाधिकारी द्वारा चौबीस घंटों के भीतर कराया जाएगा।
बुधवार को जिलाधिकारी के जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान पहुंचे दर्ज़नो अभ्यर्थियों ने बताया कि उनके जाति प्रमाण पत्र के आवेदन को नायब तहसीलदार और तहसीलदार द्वारा निरस्त कर दिया गया है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि जिन आवेदकों के आवेदन किसी भी कारण से निरस्त किए गए हैं वे जिला समाज कल्याण अधिकारी के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराएं। सभी शिकायतों का निस्तारण 24 घंटों के भीतर करा दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पहले जिन जातियों के लोग अनुसूचित जाति की श्रेणी में आते थे और अब अनुसूचित जन जाति की श्रेणी में आ गए हैं ऐसी जातियों के प्रमाणपत्र जिस तिथि से अनुसूचित जनजाति की श्रेणी में शामिल किए गए हैं उसी तिथि से अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि पुलिस भर्ती के लिए सभी आवेदनों के प्रमाण पत्र आगामी 16 जनवरी तक जारी कर दिए जाएंगे।
ये भी पढ़ें -जालसाजी : सवा करोड़ की भूमि, जालसाजों ने बुजुर्ग से चार लाख में करा लिया बैनामा - मुकदमा दर्ज
