Kanpur News: हैलट अस्पताल में भर्ती मरीज गायब… मचा हड़कंप, पीड़ित दर-दर भटकने को हो रहा मजबूर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती मरीज के गायब होने से हड़कंप मचा।

कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती मरीज के गायब होने से हड़कंप मच गया। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज दिखाने के लिए पुलिस और अस्पताल कर्मचारियों ने मदद नहीं की।

कानपुर, अमृत विचार। स्वरूप नगर थानाक्षेत्र में स्थित हैलट अस्पताल में भर्ती मरीज के लापता होने से हड़कंप मच गया। परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए।

छोटे भाई ने आरोप लगाया कि पांच दिन से लापता भाई के लिए हैलट अस्पताल समेत आसपास इलाके में उसकी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं हो सकी। जिसके बाद परिवार के लोगों ने हैलट चौकी और अस्पताल कर्मियों से सीसीटीवी फुटेज देखने को कहा। आरोप है कि सुनवाई न होने के चलते वह दर-दर भटकने को मजबूर है। 

चौबेपुर बाजार रोड निवासी शकील ने हैलट चौकी पुलिस को बताया कि उनके बड़े भाई 32 वर्षीय सोनू को पड़ोसियों ने विवाद के बाद छत से फेंक दिया था। जिसकी शिकायत उन्होंने चौबेपुर पुलिस से की थी। इस घटना में भाई के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। इस पर उन्हें पांच जनवरी को उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां से रात में ही उनकी हालत बिगड़ी तो उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।

शकील के अनुसार इसके बाद हैलट इमरजेंसी में उपचार शुरू करने के बाद उन्हें मेटरनिटी विंग के न्योरो मेडिसिन विभाग के फर्स्ट फ्लोर में भर्ती कराया गया था। शकील ने बताया कि रात में वह बड़े भाई को भर्ती कराने के बाद बैठे ही थे, तभी घर से सबसे छोटे भाई इमरान की छिबरामऊ ससुराल में मौत हो जाने की खबर आई।

जिस पर वह डॉक्टरों को सूचना देने के बाद तुरंत छिबरामऊ के लिए निकल गए। शकील ने बताया कि अंतिम संस्कार होने के बाद वह जब वहां पहुंचा तो वार्ड में उनका भाई नहीं था। जिस पर उसने अस्पताल कर्मचारियों से इस बात की जानकारी की। आरोप है कि जहां उन लोगों ने सीधे मुंह बात न करते हुए अपना पल्ला झाड़ लिया। आरोप है कि जिस पर कर्मचारियों ने ढूंढने की बात कही।

शकील के अनुसार छह जनवरी को दिनभर उसने भाई की हैलट अस्पताल के एक-एक विभाग में उसकी तलाश की लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। इसके बाद बाद सात जनवरी को वह सीधे हैलट पुलिस चौकी पहुंचा और भर्ती भाई के अचानक लापरवाही के कारण गायब हो जाने जाने की बात बताते हुए तहरीर दी।

भाई ने आरोप लगाया कि उसने पुलिस और मेटरनिटी विभाग के कर्मचारियों से वहां लगे सीसीटीवी फुटेज दिखाने के लिए कहा। आरोप लगाया कि जिस पर चार दिन से वह भाई के लिए लगातार दर-दर भटक रहा है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। 

बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन नाते रिश्तेदारों में भी नहीं पता   

शकील ने आरोप लगाया कि वह पिछले तीन दिन से बड़े भाई सोनू को ढूंढने के लिए दिन रात एक किए हुए है। पुलिस और अस्पताल कर्मचारियों की मदद न करने के बाद उसने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, नहर, पोस्टमार्टम हाउस सभी जगह पता लगाया लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। मीडिया कर्मियों के पहुंचने पर पुलिस हरकत में आई और तुरंत लिखा पढ़ी करते हुए गुरुवार सुबह शकील को चौकी बुलाया। 

मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। हैलट चौकी में शिकायत की गई होगी। अगर मरीज अस्पताल से लापता हुआ है, तो सीसीटीवी फुटेज देखे जाएंगे।- राजेश शर्मा, स्वरूप नगर इंस्पेक्टर

ये भी पढ़ें- Kanpur: चार वाहनों से साढ़े चौंतीस क्विंटल पन्नी पकड़ी, नगर निगम प्रवर्तन दल ने कई स्थानों पर चलाया अभियान

संबंधित समाचार