बरेली: 22 जनवरी के बाद श्रीराम दर्शन को अयोध्या आएं, सांसद-विधायक उठाएंगे खर्च

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुख्यमंत्री ने की अपील- 14 से 20 जनवरी तक चलाएं स्वच्छता अभियान

बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली के लोगों को अयोध्या में श्रीराम के दर्शन-पूजन के लिए भी आमंत्रित कर गए। जनसभा में कहा, 22 जनवरी के बाद सभी लोग अयोध्या आएं। विधायक, सांसद और मंत्री गाड़ी का इंतजाम करेंगे।

लखनऊ भी आकर रुकिए। जनप्रतिनिधि साथ रहेंगे तो जलपान भी हो जाएगा। उन्होंने यह भी अपील की कि इससे पहले 14 जनवरी से 20 जनवरी तक स्वच्छता अभियान चलाएं। गांव, नगर और मोहल्लों को साफ करें। जिस तरह दिवाली पर तैयारी करते हैं, वैसे ही करें।

16 जनवरी से राम नाम संकीर्तन कराएं और 22 जनवरी को नगर-नगर, गांव-गांव भंडारा करें। 22 को पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। घर-मंदिर में दीपोत्सव जलाएं और अयोध्या का सजीव प्रसारण देंखे। यह राष्ट्रीय पर्व के रूप में याद किया जाएगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा।

भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह कराएगा गौरव की अनुभूति
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में सभी के आशीर्वाद से पांच सौ बरसों का संकल्प पूरा हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर को नवनिर्मित एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन के उद्घाटन के साथ विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर चुके हैं। 22 जनवरी को जब अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी तो पूरे देश और दुनिया में लोग गौरव की अनुभूति करेंगे।

ये भी पढ़ें: बरेली: संतोष गंगवार ने उठाया मुद्दा, बोले- कहने के बाद भी नगर आयुक्त ने नहीं बनवाई सड़क

संबंधित समाचार