कासगंज: लोहड़ी पर्व को लेकर पंजाबी समाज में उत्साह, घरों और गुरुद्वारे में होंगे कार्यक्रम

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

अन्य समाज के परिचितों को भी कार्यक्रम के लिए दिया जा रहा आमंत्रण

कासगंज, अमृत विचार। सिख और पंजाबी समाज में महत्वपूर्ण पर्व लोहड़ी को लेकर अभी से उत्साह दिखाई दे रहा है। घरों और गुरुद्वारे में तैयारियां शुरू हो गई हैं। परंपराओं के अनुसार बहन-बेटियों के यहां आमंत्रण भेजे जा रहे हैं। कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अन्य समाज के परिचितों को भी कार्यक्रम के आमंत्रण दिए जा रहे हैं।

सिख और पंजाबियों के लिए लोहड़ी खास मायने रखती है। यह पर्व मकर संक्रांति से एक दिन पहले ही मनाया जाता है। इस त्योहार की तैयारियां भी पहले से ही शुरू हो जाती है। अब जबकि लोहड़ी पर्व में मात्र दो दिन शेष रह गए हैं तो ऐसे में पंजाबी और सिख समाज लोग उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। पर्व धूमधाम से मनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। मान्यता है कि इसी दिन माघ मास की शुरूआत हो जाती है और अगले दिन मकर संक्रांति पर्व मनाया जाता है। सिख एवं पंजाबी समाज के ऐसे परिवार जिनके घर नई शादी हुई है या बच्चे का जन्म हुआ है तो नव वधू और नवजात बच्चे की पहली लोहड़ी का काफी महत्व होता है। यह पर्व उत्सव की तरह मनाया जाता है।

इस बार लोहड़ी पूरे उत्साह के मनाएंगे। नगाड़ों को पहले से ही बुक करा लिया है। परिवार के सभी सदस्य एक साथ मिलकर पर्व का लुत्फ उठाएंगे। - तजिंद्र कौर,

पूरा परिवार परंपरा के अनुसार आग के चारों ओर परिक्रमा करेंगे। नई फसल तिल, गुड़, रेबड़ी को अग्नि में डालेंगे। उल्लास के साथ पर्व मनाएंगे। - मंजीत कौर

लोहड़ी पर्व पर लोकगीतों के साथ पर्व का लुत्फ लेंगे। घर में कार्यक्रम होगा। साथ ही गुरुद्वारे में होने सार्वजनिक कार्यक्रम में भी परिवार के साथ भाग लेंगे। - रोनी मनकू

इस पर्व पर बहन बेटियों को भी बुलाया जाता है। नई शादी या बच्चे के जन्म होने वाले परिवार में इस पर्व का विशेष महत्व है। - तजिंदर सिंह

ये भी पढ़ें- कासगंज : जन्म प्रमाण पत्र के लिए स्वास्थ्य कर्मी ने मांगे 300 रूपये, मारपीट

संबंधित समाचार