शाहजहांपुर: सर्दी ने पिछले 10 वर्षों का तोड़ा रिकॉर्ड, सबसे ठंडा रहा गुरुवार, बुझे रहे नगर निगम के अलाव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार: नए साल की शुरुआत से ठंड सितम ढा रही है। एक से नौ जनवरी तक न्यूनतम तापमान सर्वाधिक कम रहा है। हालांकि 10 जनवरी को कुछ राहत मिली, लेकिन गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इससे सीजन का सबसे कम रहा। इससे ठंड ने सालों का रिकार्ड तोड़ दिया है।

गुरुवार का दिन सबसे ज्यादा ठंडा रहा। इसके बावजूद नगर निगम के अधिकांश अलाव नहीं जले, जिससे चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लोग उम्मीद लगाए बैठे रहे। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पिछले करीब दस दिनों से लगातार पारा गिरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गुरुवार की सुबह जब लोग उठे तो धुंध छाने के कारण अंधेरा था। दोपहर में हल्की धूप निकली, लेकिन बफीर्ली हवाओं के कारण राहत नहीं मिल सकी। धूप के बाद भी लोग कांपते नजर आए। शाम को ठंड और भी बढ़ गई, लेकिन रोडवेज बस अड्डा, महिला थाना और खिरनीबाग सहित कई स्थानों पर अलाव की पुरानी लकड़ियां नजर आईं।

कई स्थानों पर अलाव जले तक नहीं। बहरहाल, नगर निगम द्वारा लगाए गए अलाव को ही किसी तरह जलाकर लोगों ने ठंड से बचाव की कोशिश करते नजर आए। वहीं राज्य मौसम केन्द्र के प्रभारी और मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि अभी दो-तीन दिनों तक इसी तरह तापमान में गिरावट बनी रहेगी। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण शीतलहर से जनजीवन प्रभावित रहेगा। दो से तीन दिन बाद कोहरा के साथ ही बूंदाबांदी हो सकती है।

नगर निगम को नियमित रूप से अलाव लगवाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद भी यदि अलाव नहीं लग रहे हैं तो यह गंभीर है। शुक्रवार को अलाव खुद चेक करेंगे। लापरवाही मिली तो डीएम को रिपोर्ट भेजी जाएगी।- डॉ. वेद प्रकाश मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट

ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर को इंदौर बनाने के सपने को लगा करारा झटका रैंकिंग 109 गिरी, 181वीं पाकर फिसड्डी शहरों में हुआ शामिल

संबंधित समाचार