संभल: पुलिस ने हटवाया अतिक्रमण, व्यापारियों को दी हिदायत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शहर में सीओ की अगुवाई में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

संभल, अमृत विचार। संभल शहर में पुलिस क्षेत्राधिकारी की अगुवाई में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। पुलिस ने मुख्य बाजारों से होते हुए प्रमुख चौराहों के रास्तों पर अतिक्रमण हटवाया। कई व्यापारियों को सामान दुकान के अंदर ही रखने की हिदायत दी।

गुरुवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार चौधरी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस ने अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की। पुलिस चंदौसी चौराहा से रोडवेज बस अड्डा, अस्पताल चौराहा से चमन सराय, कोतवाली, टंडन तिराहा, डाकखाना रोड से जामा मस्जिद मार्ग होते हुए एक मीनार की मस्जिद, हल्लू सराय से शंकर इंटर कॉलेज चौराहा, मैंथा बाजार तक गई।

 इस दौरान पुलिस ने दुकानों के आगे सड़क पर रखे सामान को हटवाया। पुलिस ने व्यापारियों को हिदायत दी कि सामान को सड़क पर न रखा जाए। साथ ही, वाहन चालकों को भी सड़क पर वाहन नहीं खड़े करने के लिए कहा। पुलिस द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने से खलबली का माहौल भी बना। तमाम व्यापारियों ने आनन फानन में सामान को दुकानों के अंदर कर लिया। इस दौरान टीएसआई अनुज मलिक और पुलिस बल मौजूद रहा।
      
दोबारा अतिक्रमण पर कार्रवाई की चेतावनी
संभल। पुलिस ने अभियान के दौरान दुकानों के बाहर सामान रखकर किया गया अतिक्रमण हटवाया तो दुकानदारों को चेतावनी भी दी कि फिर से सामान बाहर रखकर अतिक्रमण किया तो कार्रवाई की जायेगी। यातायात प्रभारी अनुज मलिक ने बताया कि सीओ अनुज कुमार चौधरी की अगुवाई में अभियान चलाया गया है। अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: प्रवर्तन टीम ने सोनकपुर योजना में 1500 वर्ग मीटर भूमि पर अवैध निर्माण तोड़ा

संबंधित समाचार