आयुष्मान योजना: सीएम की सख्ती के बाद निजी अस्पतालों को नोटिस, गड़बड़ी पर कार्रवाई की चेतावनी
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री के बुधवार को समीक्षा बैठक के दौरान निजी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के लाभार्थियों से लूटखसोट पर सख्ती दिखाने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अफसर जाग गए। अब सीएमओ की ओर से निजी अस्पतालों को नोटिस जारी कर पारदर्शिता के साथ लाभार्थियों को योजना का लाभ देने का निर्देश दिया है। धांधली करने पर सख्त कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।
सीएमओ की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि जो निजी अस्पताल आयुष्मान योजना में सूचीबद्ध हैं, वे मरीज के अस्पताल में भर्ती होते वक्त ही उसके पर्चे पर यह लिखकर मोहर लगा दी जाए कि वह लाभार्थी है।
इसके साथ सभी अस्पताल अपने रिसेप्शन काउंटर पर आयुष्मान भारत योजना के शिकायत प्रकोष्ठ अधिकारी आमिर बेग, जिला समन्वयक डॉ. अनुराग अग्रवाल और नोडल अधिकारी डॉ. केसी जोशी का नाम और मोबाइल नंबर हर हाल में चस्पा करा दें। मरीजों के लिए उपलब्ध विशेषज्ञ सुविधाएं, आयुष्मान मित्र के नाम और मोबाइल नंबर के साथ आयुष्मान योजना के बैनर भी अस्पताल के बाहर लगाया जाए, ताकि मरीजों को दिक्कत न हो।
ये भी पढ़ें: सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में बरेली को प्रदेश में दूसरा स्थान, पिछले महीने 55वें स्थान पर था जिला
