गोंडा: ढाई महीने से लापता अधेड़ का नाले में मिला कंकाल, टीबी की बीमारी से थे पीड़ित
धानेपुर, गोंडा। ढाई महीने पहले लापता हुए एक अधेड़ का कंकाल शुक्रवार को धानेपुर थाना क्षेत्र के पंडित परसिया गांव के बगल एक नाले में पड़ा मिला। मृतक की पहचान श्रावस्ती जिले के सुजानडीह गांव के रहने वाले बिहारीलाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच में जुट गयी है।
धानेपुर थानाध्यक्ष अंकुर वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को पंडित परसिया गांव के बगल स्थित नाले में एक मानव कंकाल मिलने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर पुलिस मौके पहुंची तो एक व्यक्ति का शव नाले के किनारे पड़ा हुआ था। मौके पर मौजूद मोतीगंज थाना क्षेत्र के कपीसा गढ़वा गांव की रहने वाली संगीता पत्नी धनीराम ने मृतक की पहचान अपने ननदोई बिहारी लाल (55) निवासी सुजानडीह थाना हरिदतनगर ग्रंट जनपद श्रावस्ती के रूप में की।
संगीता ने बताया कि बिहारी लाल को टीबी की बीमारी थी और वह नवंबर महीने में इलाज के लिए उसके घर आए थे। 3 नवंबर को वह अचानक लापता हो गए थे। इस संबंध में उसने 5 नवंबर को मोतीगंज थाने में बिहारीलाल के गुमसुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। संगीता ने मृतक के घड़ी और कपड़ों से उसकी पहचान की। थाना दक्षिणी बताया कि शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
