रायबरेली : अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत, महिला समेत तीन घायल
रायबरेली, अमृत विचार। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन की मौत हो गई। वहीं महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सेदूरामऊ ग्राम निवासी भीमशंकर पुत्र बदलू और संजय पुत्र राजकुमार निवासी नरेंद्रपुर शुक्रवार को दोपहर के समय बाइक से घुरवारा बाजार भट्टे में काम करने के लिए जा रहे थे। तभी रायबरेली-डलमऊ मार्ग पर बहेरिया गांव के पास रायबरेली की ओर से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो की जोरदार आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें भीमशंकर की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी पवन कुमार सोनकर ने बताया कि दुर्घटना ग्रस्त बोलेरो वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी घटना बछरावां कोतवाली क्षेत्र की है। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर जोहवा मोड़ के पास एक रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपत्ति गिर गए, जिससे गुमानखेड़ा निवासी चंद्रभूषण बस के टायर के नीचे आ गए। इससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वही उसकी पत्नी प्रमिला देवी को गंभीर चोटें आई। थानाध्यक्ष विजेंद्र शर्मा ने बताया कि रोडवेज बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधि कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैक्टर और बाइक में टक्कर
थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर नवाबगंज के पास ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी और अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इसमें ट्रैक्टर और बाइक चालक घायल हो गये। धर्मेश कुमार निवासी हथकुई बाइक से अपने घर आ रहे थे। तभी लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर नवाबगंज के पास ऊंचाहार की तरफ से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिसमें ट्रैक्टर चालक नगीना निवासी ऊचगांव थाना मानिकपुर जिला प्रतापगढ़ घायल हो गए। दोनों घायलों को जगतपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया।
ये भी पढ़ें -हल्द्वानी: प्री-बोर्ड परीक्षा वाले दिन फंदे पर लटका मिला 12वीं की छात्रा का शव
