हल्द्वानी: प्री-बोर्ड परीक्षा वाले दिन फंदे पर लटका मिला 12वीं की छात्रा का शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। प्री बोर्ड परीक्षा से पहले 12वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह दरवाजा तोड़ा गया तो उसका शव उसी की चुनरी से लटक रहा था। उसे फौरन ही अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। 

आदर्श कालोनी दमुवाढूंगा काठगोदाम निवासी सुरेश कुमार आगरी यहां परिवार के साथ रहते हैं। उनकी बेटी अदिती (17 वर्ष) शहर के निजी स्कूल में 12वीं की छात्रा थी। बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह अदिती की प्री बोर्ड की परीक्षा थी। गुरुवार रात खाना खाने के बाद अदिती अपने कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।

घरवालों को लगा कि वह पढ़ रही है और काम खत्म करने के बाद घर के अन्य लोग भी सो गए। शुक्रवार की सुबह अतिदि की मां उठकर घर के कामों में व्यस्त हो गई, लेकिन जब काफी देर तक अदिती के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो मां उसे उठाने पहुंची। उसने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। दरवाजा न खुलने पर चिंतित घरवालों ने दरवाजा तोड़ दिया और अंदर का नजारा देखा तो होश फाख्ता हो गए।

अदिती अपने ही सफेद दुपट्टे के सहारे कुंडे से लटक रही थी। आनन-फानन में घरवालों ने उसे फंदे से उतारा और एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आत्महत्या की खबर मिलते ही दमुवाढूंगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दमुवाढूंगा चौकी प्रभारी महेंद्र राज ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि परिजनों ने किसी बात को लेकर उसे डांट दिया था। संभवत: इसी वजह से किशोरी ने आत्महत्या कर ली। 

संबंधित समाचार