हरदोई : सड़क हादसे में हुई थी अधेड़ की मौत, दूसरे दिन हो पाई शव की शिनाख्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई, अमृत विचार। भतीजे और बेटे के लिए दोपहर का खाना ले कर साइकिल से आ रहा अधेड़ तेज़ रफ्तार कार की गिरफ्त में आने से बुरी तरह ज़ख्मी हो गया।उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इसके अगले दिन शनिवार को उसके शव की शिनाख्त की गई। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

बताया गया है कि कोतवाली देहात के कांशीराम कालोनी के ब्लाक नंबर-40 में रहने वाला 55 वर्षीय मोहम्मद रईस उर्फ चिन्ना पुत्र अनीस के भतीजे याकूब और बेटा दानिश शहर में दुकान करता है। रईस उर्फ चिन्ना शुक्रवार की सुबह उन्ही दोनों को दोपहर का खाना देने के लिए साइकिल से शहर आ रहा था। उसी बीच लखनऊ रोड पर नानकगंज झाला के पास उसे एक तेज़ रफ्तार कार ने ज़ोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह से ज़ख्मी हो गया। वहां आस-पड़ोस के लोगों ने उसे एम्बुलेंस की मदद से मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। जहां कुछ ही देर बाद उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर वहां पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेते हुए उसकी शिनाख्त करने में जुट गई। 

शनिवार को दूसरे दिन कांशीराम कालोनी के याकूब ने शव की शिनाख्त अपने चाचा मोहम्मद रईस उर्फ चिन्ना के रूप में की। उसके तीन बेटियां और दो बेटे दानिश और लकी थे, जिसमें से लकी की बीमारी के चलते पहले ही मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर सुनते ही उसकी पत्नी सोना का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें -प्राण प्रतिष्ठा : BSP चीफ मायावती को भेजा गया निमंत्रण, किया स्वीकार - जाने पर सस्पेंस बरकरार

संबंधित समाचार