बरेली: नगर निगम ने तैयार किया शहर में प्री-पेड पार्किंग का खाका
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम शहर में प्री पेड पार्किंग व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। जिन जगहों पर लोग पहले मुफ्त में अपना वाहन खड़ा करते थे, वहां अब वाहन खड़ा करने के बदल में नगर निगम पैसा वसूलेगा। इन जगहों को ठेका पर दिए जाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। प्रयोग …
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम शहर में प्री पेड पार्किंग व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। जिन जगहों पर लोग पहले मुफ्त में अपना वाहन खड़ा करते थे, वहां अब वाहन खड़ा करने के बदल में नगर निगम पैसा वसूलेगा। इन जगहों को ठेका पर दिए जाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। प्रयोग के तौर पर शहर के एक स्थान पर प्री पेड पर्किंग की व्यवस्था लागू की लेकिन यह विवादों से घिर गई। अब देखना है कि योजना का हाल अन्य जगहों पर क्या होगा।
अपनी आय बढ़ाने के चक्कर में नगर निगम के अफसर शहरवासियों की जेब ढीली करने की योजना बना चुके हैं। लोगों को नगर निगम की पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर पैसा देना होगा। पार्किंग के लिए सिविल लाइंस हनुमान मंदिर से अय्यूब खां चौराहे के बीच, हनुमान मंदिर से दीनानाथ चौराहे के बीच और चौपुला चौराहा से माल गोदाम रोड पर जगह चिह्नित की गई है। इसके अलावा प्रभा टाकीज से गांधी उद्यान के बीच और गांधी उद्यान से श्यामगंज रोड पर मानसिक अस्पताल के सामने पार्किंग स्थल चुना गया है।
नगर निगम कार्यालय के पास एलन क्लब के सामने और चौपुला चौराहे से अय्यूब खां चौराहे के बीच भी पार्किंग बनाई गई है। एलन क्लब के पास नगर निगम ने प्री पेड पार्किंग की व्यवस्था लागू कर दी है। इसे एक व्यक्ति को ठेके पर दिया गया है। इसको लेकर व्यपारियों ने विरोध भी करना शुरू कर दिया है। व्यपारियों का तर्क है कि इससे उनकी दुकान प्रभावित हो रही है। दुकान पर आने वाले लोगों से अगर रुपये वसूले जाएंगे तो लोग आना ही बंद कर देंगे। इसके बाद मेयर ने वहां प्री पेड सिस्टम बंद करा दिया।
मेयर ने समाप्त कराई प्री पेड व्यवस्था
एलन क्लब मार्केट के पास प्री पेड पार्किंग व्यवस्था को लेकर सोमवार को व्यापारियों ने मेयर से शिकायत की थी। मेयर ने व्यापारियों की समस्याओं को सुनकर ऐलन क्लब मार्केट के प्री पेड पार्किंग व्यवस्था समाप्त करा दी थी। इसको लेकर मार्केट एसोसिएशन ने मेयर की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थल को सुंदर बनाने के लिए 200 गमले रखे जाएंगे। इस दौरान व्यापार मंडल के संरक्षक शिरीष गुप्ता, अध्यक्ष देवेश अग्रवाल बॉबी, महामंत्री संजीव जायसवाल, कोषाध्यक्ष महेंद्र नारंग, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभय जसोरिया आदि मौजूद रहे।
