सुलतानपुर: गोपालदास पुल पर पैदल आवागमन शुरू, कल से फार्राटा भरेंगे वाहन, शहरवासियों को जल्द मिलेगी जाम से मुक्ति

Amrit Vichar Network
Published By Sachin Sharma
On

भारी वाहनों के लिए मई तक करना होगा इंतजार

सुलतानपुर। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। बस स्टेशन के पास निर्माणधीन गोपालदास पुल से छोटे वाहनों का आवागमन शनिवार की शाम से ही शुरू हो गया। लिखापढ़ी में 15 जनवरी से यहां से आवागमन शुरू हो जाएगा। हालांकि, भारी वाहनों को अभी मई तक इस पुल से गुजरने के लिए इंतजार करना होगा। करीब छह माह बाद शहर के लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। 

विकास भवन व बस स्टेशन के बीच गोलाघाट-पयागीपुर मार्ग पर जर्जर गोपालदास पुल को तोड़कर नया फोरलेन पुल निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी ने 19 अगस्त 2023 को आवागमन बंद करा दिया था। तब से शहर में जाम की समस्या बन गई। जाम से निपटने के लिए प्रशासन का कोई कदम काम नहीं आ सका। अभी तक शहर खासकर दीवानी तिराहा, बस स्टेशन-अमहट, गंदानाला, चौक मार्ग पर जाम की समस्या से जूझ रहा है।

गोपालदास पुल अक्टूबर में तैयार हो जाना था, लेकिन कार्यदायी संस्था द्वारा देरी की गई। सांसद मेनका गांधी, प्रभारी मंत्री आशीष पटेल व जिला प्रशासन की कड़ाई के बाद पीडब्ल्यूडी ने 15 जनवरी को पुल को अस्थायी तौर पर शुरू कराने का दावा किया था। इसे लेकर बीते दिनों से युद्ध स्तर पर काम हुआ और शनिवार की शाम यहां से पैदल लोग आने जाने लगे। 15 जनवरी से हल्के चार पहिया वाहन, बाइक व पैदल यात्री आ-जा सकेंगे। मिट्टी बैठने के बाद दोनों तरफ की दीवार व मुख्य स्लैब के बीच दो-दो लेन पर बारी-बारी से छत डाली जाएगी। इसमें करीब तीन माह का समय लगने के आसार हैं। 

गोपालदास पुल पर मई में स्थायी रूप से आवागमन शुरू हो सकेगा। अस्थायी तौर पर 15 जनवरी से यातायात बहाल कर दिया जाएगा। 

                                                                                                                            सीडी मिश्रा, अवर अभियंता, लोनिवि

यह भी पढ़ें: अमेठी: छह वर्ष पूर्व हुए अभय सिंह हत्याकांड का जांच एजेंसियां अब तक नहीं कर सकीं खुलासा, मृत्यु से एक दिन पूर्व छात्र कर रहा था बर्थडे मनाने की तैयारी

संबंधित समाचार