गंगा एक्सप्रेस-वे हादसा : डंपर से उतारी जा रही गिट्टी के नीचे दब कर हेल्पर की मौत
हरदोई, अमृत विचार। गंगा एक्सप्रेस-वे के हो रहे निर्माण के लिए डंपर से आई गिट्टी उतारी जा रही थी,उसी बीच डंपर का हेल्पर उसके नीचे दब गया। इसका पता होते ही वहां कोहराम मच गया। आनन-फानन में उसे ज़ख्मी हालत में गिट्टी के नीचे से निकाल कर सीएचओ पहुंचाया जा रहा था,उसी बीच उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। हादसे का शिकार हुआ हेल्पर कानपुर देहात का बताया गया है।
बताया गया है कि गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण बड़ी तेज़ी से चल रहा है। शनिवार को करीब 11 बजे ड्राइवर नितिन पाण्डेय पुत्र चन्द्रशेखर निवासी हिस्सामा थाना मंगलापुर कानपुर देहात गिट्टी से लदा हुआ डंपर ले कर पहुंचा। सेलापुर-मटियामऊ के बीच गोपलियापुर के पास गिट्टी उतारी जा रही थी। उसी बीच डंपर का 32 वर्षीय हेल्पर झल्लू पुत्र जगत नारायण निवासी नेपलापुर थाना मंगलापुर कानपुर देहात गिट्टी उतारने के दौरान उसी के नीचे दब गया। इसका पता होते ही वहां आस-पास काम कर रहे मज़दूर दौड़ पड़े,वे झल्लू को ज़ख्मी हालत में गिट्टी के नीचे से निकाल कर उसे सीएचसी ले जा रहे थे,उसी बीच उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। इसका पता होते ही वहां पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेते हुए हादसे का शिकार हुए हेल्पर के घर वालों को सूचना दी है। हादसे की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें -बरेली: विवादित ढांचा गिराने के बाद जल उठा था शहर, जामा मस्जिद की दीवार पर आज भी गोलियों के निशान
