खराब प्रदर्शन पर डीएम ने दी एक बीईओ को प्रतिकूल प्रविष्टि, तीन से स्पष्टीकरण मांगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार बाराबंकी: जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार निपुण भारत मिशन में खराब प्रदर्शन करने वाले एक एबीएसए को प्रतिकूल प्रविष्टि दे दी।तीन एबीएसए से स्पष्टीकरण तलब किया। विद्यालय में नियमित उपस्थिति ना होने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। शिक्षण कार्य उत्तम न होने पर विभागीय कार्रवाई करने को कहा।
जिलाधिकारी लोकसभागार में शनिवार को बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा  कर रहे थे।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जो भी शिक्षक एबीएसए के संरक्षण में विद्यालय में नियमित उपस्थित नहीं रहते हैं और जिन शिक्षकों का शिक्षण कार्य उत्तम नहीं रहता है, उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही की जाएगी।

 सभी शिक्षक गण अपने कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ संपादित करें।  अपने विद्यालयों में बच्चों को अच्छी शिक्षा दें, जिससे उनका भविष्य उज्जवल हो सके।  जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षण कार्य एक नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि जो शिक्षक खंड शिक्षा अधिकारी के संरक्षण में रहकर नियमित विद्यालय नहीं आते हैं, उनकी शिकायत मिलने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी ने निपुण भारत मिशन की समीक्षा करते हुए सूरतगंज के खंड शिक्षा अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए। इसके साथ ही निपुण भारत मिशन में जनपद में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले तीन ब्लॉकों के खंड शिक्षा अधिकारियों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए, जिसमें बंकी सिटी, बनी कोडर और पूरेडलई शामिल हैं । 

बैठक में निपुण भारत मिशन की प्रगति, ऑपरेशन कायाकल्प, डीबीटी की समीक्षा, स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत नवीन तथा अद्यतन नामांकन की समीक्षा, समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत वर्ष 2022-23 में स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के अंतर्गत नामांकन, उपस्थिति तथा उच्चीकृत भवनों की समीक्षा, मध्यान्ह भोजन योजना, समर्थ ऐप पर नामांकन एवं चिन्हांकन, आउट ऑफ स्कूल डीटीएफ एवं बीटीएफ निरीक्षण की समीक्षा सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

ये भी पढ़े:- हाईटेक हुई यूपी पुलिस, लांच हुआ क्राईम एनालिटिक्स एंड प्रिडिक्टिव पुलिसिंग पोर्टल, जानिए अब कैसे होगा काम

संबंधित समाचार