बदायूं: अदालत में पड़ी तारीख पर तारीख... मामला सुलझ नहीं पाया, दोनों पक्षों को मंदिर में कसम खिलाकर पुलिस ने निपटाया

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

DEMO IMAGE

उसहैत, अमृत विचार: थाना पुलिस ने वर्षों पुराना जमीनी विवाद को सुलझा दिया। दोनों पक्षों की वार्ता सुनने के बाद उनमें सुलह करा दी। दोनों पक्षों ने कालसेन मंदिर में भगवान को साक्षी मानकर कसम खाई। आपसी सुलह होने पर दोनों पक्ष खुशी खुशी अपने घर लौट गए। 

थाना क्षेत्र के गांव हरेंडी में ओमकार पुत्र हरदयाल का गांव के पूर्व प्रधान पति व रोजगार सेवक ओमपाल शाक्य से जमीन को लेकर वर्षो से विवाद चल रहा था। दोनों ही पक्ष इस विवादित जमीन का अदालत में मुकदमा लड़ रहे थे। कई बार दोनों ओर से फैसले का प्रयास भी किया गया, लेकिन मामले का निपटारा नहीं हो सका। शनिवार को थाना दिवस में फिर से मामला आया।

थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों को फैसले का सुझाव देकर पुरानी रंजिश  खत्म की बात रखी। अंत में ओमकार ने कहा कि यदि पूर्व प्रधान पति कालसेन बाबा के मंदिर अपने बेटे की कसम खा कर कह दें कि वह जमीन उसकी ही है तो वो अपना जमीन से दावा वापस कर लेंगे और भविष्य में इस जगह से कोई संबंध नहीं रखेंगे। 

इस पर पूर्व प्रधान पति ओमपाल शाक्य तैयार हो गए। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह दोनों पक्षों को कालसेन मंदिर ले गए। जहां ओमपाल शाक्य ने सभी लोगों की उपस्थिति में कसम ली कि विवादित जमीन मेरी ही है। इस प्रकार वर्षो पुराना विवाद और रंजिश खत्म हुई।

विवाद खत्म होने पर मंदिर परिसर में उपस्थित सभी लोग खासे उत्साहित दिखाई दिए और वर्षों पुराने विवाद के निपटारे के साक्षी बने। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कई साल पुराना विवाद था जो निपट गया है। दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर मंदिर में कसम खिलाने पर समझौता की बात कही। दोनों पक्ष मंदिर गए और कसम खाकर मामला सुलझा लिया।

यह भी पढ़ें- बिजनौर : बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या, चारपाई पर पड़ा मिला शव

संबंधित समाचार