Kanpur News: मंदिर-शिवालयों में शुरू सफाई, महापौर प्रमिला पांडेय ने लगाई झाडू, इतने दिन तक चलेगा अभियान
कानपुर में मंदिर-शिवालयों में महापौर प्रमिला पांडेय ने झाडू लगाई।
कानपुर में मंदिर-शिवालयों में महापौर प्रमिला पांडेय ने झाडू लगाई। नगर निगम ने सभी जोनों में विशेष सफाई व्यवस्था शुरू की।
कानपुर, अमृत विचार। श्रीराम मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा को देखते हुये रविवार से नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया। नगर निगम सीमा में मन्दिरों और शिवालयों में सफाई की गई।
महापौर प्रमिला पांडेय, सांसद सत्यदेव पचौरी ने आनंदेश्वर मंदिर में सफाई की, तो भाजपा विधायकों और पदाधिकारियों ने भी विभिन्न मंदिरों और घाटों पर झाडू लगाई। नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने जोन-5, 4 के अंतर्गत मंदिरों में साफ-सफाई के साथ ही सजावट शुरू की है। यह अभियान अगले सात दिन लगातार चलेगा।

नगर निगम सीमान्तर्गत 400 से अधिक मंदिरों को सफाई व साज-सज्जा के लिऐ चुना गया है। इसमें मन्दिर के पास डस्टबिन रखवायें जायेंगे, प्रकाश की व्यवस्था की जायेगी एवं जहां भी भंडारा किया जायेगा, वहां पर भंडारे के बाद स्थल की सफाई व्यवस्था तत्काल की जाएगी। नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन के निर्देश पर जोन-5 के अन्तर्गत दबौली रतनलाल नगर दुर्गा मन्दिर, गोविन्द नगर स्थित श्री राममन्दिर एवं पंचमुखी हनुमान मन्दिदर पनकी कटरा में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान विधायक नीलिमा कटियार, क्षेत्रीय पार्षद नवीन पंडित, जोनल अधिकारी विनय प्रताप सिंह, जोनल स्वच्छता अधिकारी अरविन्द कुमार यादव व अन्य अधिकारी रहे। जोन-4 के अन्तर्गत परमट स्थित बाबा आनन्देश्वर मन्दिर पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में महापौर प्रमिला पांडेय, सांसद सत्यदेव पचौरी, अपर नगर आयुक्त प्रतिपाल चौहान, जोनल अधिकारी विद्यासागर रहे।
वहीं, जोन-4 के अशोक नगर चौराहे पर स्थित मन्दिर पर सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में सांसद देवेन्द्र सिंह भोले, नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन, जिलाध्यक्ष दीपू पांडेय, क्षेत्रीय पार्षद पवन गुप्ता आदि रहे।
सात दिन पानी की होगी निर्बाध सप्लाई
नगर आयुक्त ने जल कल विभाग को निर्देश दिये कि अगले सात दिनों में शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति की जाये। जहां पानी की लाइन नही है, वहां पर टैंकर से पेयजल की व्यवस्था की जाये।
