संतकबीरनगर: मगहर में कबीर दास और तामेश्वरनाथ में भगवान शिव को चढ़ेगी आस्था की खिचड़ी
कल सुबह 7.10 बजे से से शाम 7.27 बजे तक रहेगी मकर संक्रांति
संतकबीरनगर। मकर संक्रांति पर्व पर कल सोमवार को मगहर स्थित कबीर समाधि और तामेश्वरनाथ स्थित पौराणिक शिवलिंग पर श्रद्धालुओं द्वारा आस्था की खिचड़ी चढ़ाई जाएगी। मंदिरों पर श्रद्धालुओं के लिए सभी तैयारियां पूरी करा ली गई हैं। कबीर चौरा पर महंत विचार दास के नेतृत्व में सेवादारों और पुलिस चौकी मगहर के पुलिस कर्मियों द्वारा सुरक्षा का ब्यापक प्रबंध किया गया है। यहां 15 दिनों तक लगने वाले मेले में तरह तरह के झूले, सर्कस और मिठाइयों की दुकानें श्रद्धालुओं के विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी।
इसके अलावा महाभारत कालीन शिव मंदिर तामेश्वरनाथ में हजारों श्रद्धालुओं द्वारा आस्था की खिचड़ी चढ़ाई जाएगी। मंदिर परिसर की साफ सफाई करा दी गई है। गोस्वामी वंशजों के साथ ही तामेश्वरनाथ पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस कर्मी श्रद्धालुओं का सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे।

sdm खलीलाबाद ने किया खिचड़ी मेले का निरीक्षण
महात्मा कबीर दास की परिनिर्वाण स्थली मगहर में खिचड़ी महापर्व के उपलक्ष्य पर आयोजित मेले का उप जिलाधिकारी खलीलाबाद शैलेश दूबे ने रविवार की शाम तहसीलदार जनार्दन, नायब तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता और चौकी इंचार्ज मगहर के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी शैलेश दूबे ने सभी झूला संचालकों से बातचीत कर सुरक्षित रूप से झूला संचालन और विशेष सावधानियां बरतने का निर्देश दिया।
आश्रम के पश्चिम दिशा की ओर लगाए गए दो झूले हाई टेंशन तार के नजदीक पाए जाने पर उपजिलाधिकारी ने तत्काल उपखंड अधिकारी विद्युत मगहर तथा झूला संचालक को आवश्यक सावधानियां बरतने और चौकी इंचार्ज मगहर को इसकी सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा मेले में रोड की पटरियों पर दुकान लगाने वाले सभी दुकानदारों को सड़क पर अतिक्रमण न करने का निर्देश दिया।

उपजिलाधिकारी श्री दूबे ने बताया कि खिचड़ी मेले के उपलक्ष्य में चार-चार लेखपालों की हर छः छः घंटे की अवधि में तैनाती की गई है। जिससे मेले में आए किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा ना हो।
यह भी पढे़ं: सुलतानपुर: श्रीराम और अयोध्या से कुशभवनपुर का है गहरा नाता, प्रभु के वन गमन पथ का पहला पड़ाव था सीताकुंड घाट
