बरेली: दिन में भी छाया घना कोहरा, दो दिन शीतलहर का अलर्ट

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

बरेली, अमृत विचार। घने कोहरे और शीत लहर की वजह से अभी राहत नहीं मिलने वाली है। रविवार को अति शीत दिवस रहा और मौसम विभाग ने अभी दो दिन घना कोहरा और अति शीत दिवस का पूर्वानुमान जताया है। 

रात के साथ दिन भर कोहरा छाने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोग कांपते रहे। रविवार शाम को ही घने कोहरे की वजह से दृश्यता काफी कम हो गई। आने वाले दिनों में भी दृश्यता 50 या इससे कम रहने का पूर्वानुमान है। दो दिन बाद पुरवा हवा चलने से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

रविवार को न्यूनतम सामान्य से दो डिग्री कम 6.6 और अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार रात से छाया घना कोहरा रविवार को पूरे दिन छाया रहा। शीतलहर के चलने की वजह से पूरे दिन धूप नहीं निकली। दृश्यता 50 से भी कम होने की वजह से सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए।

आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि निचले क्षोभमंडल में प्रचलित सर्द उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। शीतलहर के साथ-साथ हवा की धीमी रफ्तार, नमी की प्रचुरता, निम्न वायुमंडलीय स्थिरता के प्रभाव के कारण घना कोहरा पड़ रहा है। 

इसकी वजह से दिन में धूप न निकलने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अभी जिले में दो दिन अति शीत दिवस की स्थिति जारी रहने की संभावना है। इसके बाद सतही स्तर पर हवा का रुख बदल कर पुरवा होने से स्थिति में परिवर्तन होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि शीतलहर से कहीं-कहीं पाला पड़ने की संभावना भी बनी हुई है। इस स्थिति को देखते हुए औसतन अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम पांच या छह डिग्री सेल्सियस तक रहने का पूर्वानुमान है।

ये भी पढे़ं- बरेली: कंपनी की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर बीस लाख ठगे, कंपनी मालिक समेत नौ पर रिपोर्ट दर्ज

 

संबंधित समाचार