बहराइच: छुट्टा मवेशी के वार से फटा मासूम बच्चे का पेट, हालत गंभीर, लखनऊ रेफर
बहराइच, अमृत विचार। जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के परसा डेहरिया गांव निवासी पांच वर्षीय मासूम को खेलते समय मवेशी ने सींग से पेट में वार कर दिया। जिससे उसका पेट फट गया और आंत बाहर निकल आया। गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज बहराइच से लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम परसा डेहरिया गांव निवासी मोहम्मद नसीम खान का पांच वर्षीय बेटा मोहम्मद अल्तमश खान रविवार शाम को घर के सामने खेल रहा था। दो मवेशी आपस में लड़ने लगे। बालक खेलते हुए मवेशियों के पास पहुंच गया।
तभी एक छुट्टा मवेशी ने बालक पर हमला कर उसके पेट में सींग से वार किया। मवेशी के सींग से वार करते ही बालक का पेट फट गया। उसका आंत बाहर निकल आया। उसे परिवार के लोग जिला अस्पताल ले गए। यहां गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर मनोज चौधरी ने बालक का इलाज करते हुए उसके आंत को पेट के अंदर किया। इसके बाद इलाज शुरू किया। डॉक्टर मनोज चौधरी ने बताया कि हालत में सुधार न होने पर सोमवार दोपहर में बालक को लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
