Makar Sankranti 2024: बांदा के केन नदी में डुबकी लगाकर नौका विहार का उठाया लुत्फ, भक्तों ने माथा टेककर मांगा आशीर्वाद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा के केन नदी में डुबकी लगाकर नौका विहार का लुत्फ उठाया।

बांदा के केन नदी में डुबकी लगाकर नौका विहार का लुत्फ उठाया। भूरागढ़ दुर्ग व नटबली मंदिर में दो दिवसीय मेला का समापन हो गया।

बांदा, अमृत विचार। उदयातिथि के अनुसार मकर संक्रांति आज सोमवार 15 जनवरी को मनाई जा रही है,लेकिन नियत तिथि को मानने वाले कुछ लोगों ने रविवार को ही मकर संक्रांति मनाई थी। केन नदी में डुबकी लगाकर मंदिरों में स्नान-दान कर पुण्यलाभ लिया।

वहीं शहर के विभिन्न मंदिरों में जाकर श्रद्धालुओं ने माथा टेककर भगवान से आशीर्वाद मांगा और गरीबों में खिचड़ी का दान किया। तमाम लोगों ने केन नदी के ही किनारे भोजन किया और बाद में नौका विहार का भी लुत्फ उठाया। 

Banda Makar Sankranti 1

भगवान सूर्य सुबह 9 बजकर 13 मिनट पर धनु से मकर राशि में प्रवेश कर गए। मकर संक्रांति पर 77 सालों के बाद वरीयान योग और रवि योग का संयोग बन रहा है। इस दिन बुध और मंगल भी एक ही राशि धनु में विराजमान रहेंगे। इसलिये मकर संक्रांति का पर्व सोमवार को मनाया जाएगा। लेकिन बहुत सारे लोगों ने कल भी नियत तिथि पर ही मकर संक्रांति का पर्व मनाते चले आ रहे हैं।

सोमवार सुबह ही केन नदी में जाकर डुबकियां लगाईं। देखते ही देखते केन नदी के विभिन्न घाटों में श्रद्धालुओं का मेला लग गया। नदी का पानी छिछला होने के कारण सबसे ज्यादा लोग छुलछुलिया घाट में ही जुटे।महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों ने भ्रमण करते हुए यहां खरीददारी कर मेले का आनंद लिया।

Banda Makar Sankranti 2

मकर संक्रांति के मौके पर स्नान के बाद दान करने की परंपरा निभाने के लिए जहां श्रद्धालुओं ने गरीबों में खिचड़ी और वस्त्र का दान किये। शहर के महेश्वरी देवी मंदिर, वामदेवेश्वर मंदिर, संकटमोचन मंदिर, काली देवी मंदिर समेत सभी छोटे बड़े मंदिरों में गरीबों की खासी भीड़ लगी रही। आम लोगों के साथ राजनीतिक दलों के लोगों ने भी दान की परंपरा निभाई।

केन नदी तट पर सारा दिन मेला लगा रहा। नदी तट के समीप स्थित भूरागढ़ दुर्ग में भी श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। केन नदी के छुलछुलिया घाट से पैदल ही नदी पार कर लोगों ने मेले में जाकर मौज-मस्ती की।

Banda Makar Sankranti 3

मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिये नदी तट से लेकर रेलवे ट्रैक तक पुलिस फोर्स की चौकस व्यवस्था रही। लोगों ने नदी तट पर खूब मौज-मस्ती भी की। नदी के घाटों पर से नावों पर सवार होकर नौका विहार का आनंद लिया।

नटबली की मजार पर टेका माथा 

मकर संक्रांति पर्व पर ऐतिहासिक कालिंजर व भूरागढ़ स्थित नटबली मंदिर में मेले का आयोजन हुआ। प्रेमी जोड़ों ने चोरी-छिपे नटबली की मजार पर माथा टेककर अपनी मोहब्बत की लंबी उम्र की कामना की। इसे आशिकों का मेला भी कहते हैं। मेला देखने को शहर समेत दूरदराज से भी बहुत सारे लोग जुटे। लोगों ने प्राचीन भूरागढ़ किले में भी भ्रमण का आनंद उठाया।

मेले में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा-व्यवस्था चाकचौबंद रही। मटौंध व भूरागढ़ समेत आसपास थानों की फोर्स तैनात रही। युवा नटबली प्रेमी की कहानी से जुड़े इस मेले में हर वर्ष बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोग शरीक होते हैं। यहां दो मंदिर हैं। किंवदंती है कि पहला प्रेमी नटबली और दूसरा मंदिर उसकी प्रेमिका किलेदार नोने अर्जुन सिंह की बेटी का है।

गौरा बाबा धाम में लगी श्रद्धालुओं की भीड़ 

अतर्रा कस्बे में सोमवार को मकर संक्रांति के पर्व पर सुबह से ही सैकड़ो की संख्या में कस्बे के प्रसिद्ध स्थल गौरा बाबा धाम में पूजा अर्चना के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ता दिखा। लोगों ने पूजा अर्चना कर मंगल की कामना की वही परिसर में खिचड़ी दान कर गरीबों को पुन्य लाभ अर्जित किया।

मंदिर के महंत पुरुषोत्तम दास उर्फ मुन्ना भैया के भंडारे में हजारों ने खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया।इस दौरान सुरेश व्यास,शिवदत्त त्रिपाठी,राजू तिवारी खिचड़ी व्यवस्था में जुटे रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभारी पंकज सिंह और कस्बा इंचार्ज रामू सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

रामचंद्र पहाड़ में लोगों ने मेले का उठाया लुत्फ 

नरैनी कस्बे के रामचंद्र पहाड़ में विगत कई वर्षों से मकर संक्रांति का मेला लगता है। लोगो के अनुसार त्रेतायुग में भगवान श्री राम ने वनवास मिलने पर अनुज लक्ष्मण व सीता माता के साथ एक रात इस पर्वत पर बिताई थी, तभी से इस पहाड़ का महत्व धार्मिक हो गया था और बुजुर्गों ने मंदिर बनवा कर राम लक्ष्मण व सीता की मूर्तियां बैठाकर पूजा अर्चना करते चले आ रहे हैं।

हजारों की संख्या में लोग पर्वत में बने भगवान श्री राम के मंदिर में दर्शन कर मेले का आनंद उठाते हैं। मेला देखने आए कस्बा सहित क्षेत्र के लोगो ने जमकर हाथी,घोड़ा की खरीद की। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि हरिश्चंद्र सोनकर,क्षेत्राधिकारी अंबुजा त्रिवेदी , सुरेंद्र मस्ताना,फखरुद्दीन, लालू यादव, सगीर प्रधान आदि लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- दिव्यांग बच्चों ने सांकेतिक भाषा में गाया राष्ट्रगान, IIT Kanpur ने उठाया दिव्यांगों को सशक्त बनाने का बीड़ा

 

 

संबंधित समाचार