अयोध्या: डिपो नहीं आएंगी बसें, अयोध्या धाम जंक्शन पर नहीं रुकेगी ट्रेन
प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर 19 की शाम से हाईवे और 21 की सुबह से शहर में लागू होगा रूट डाइवर्जन, आकस्मिक सेवा और कार्यक्रम से जुड़े वाहन दायरे से बाहर
अयोध्या, अमृत विचार। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर यातायात पुलिस की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर 19 की शाम से हाईवे पर अंतरजनपदीय और 21 की सुबह से अंतरजनपदीय रूट डाइवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है।
इस बार समारोह को लेकर आइसोलेशन का दायरा बढ़ाया गया है। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लकेर 21 व 22 जनवरी को डिपो पर कोई रोडवेज बस नहीं आएगी।
अयोध्या धाम जंक्शन पर 22 जनवरी को ट्रेनों का ठहराव नहीं होगा। हालांकि आकस्मिक सेवा और कार्यक्रम से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध के दायरे से बाहर रखा गया है। समारोह के मद्देनजर 19 जनवरी की शाम चार बजे से हाईवे पर अन्य जनपदों से ही भारी वाहनों को डाइवर्ट किया जाएगा। एसपी यातायात एपी सिंह ने सोमवार को बताया कि विभिन्न स्तर के रुट डाइवर्जन के लिए मुख्यालय से संबंधित जनपदों को सूचित किया गया है।
इस तरह वाहनों का होगा आवागमन
*गोरखपुर से लखनऊ जाने वाले वाहन कौड़ीराम से होते हुए बडहलगगंज, दोहरीघाट, जीयनपुर, आजमगढ़ से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते लखनऊ जाएंगे।
* गोरखपुर से संतकबीरनगर, बासी, मेहदावल, डुमरियागंज, उतरौला, बलरामपुर, गोण्डा, जरवल रोड, चौकाघाट से बदोसराय होते हुए सफदरगंज के रास्ते लखनऊ जाएंगे।
* बस्ती से कलवारी-टाण्डा-अकबरपुर-दोस्तपुर के रास्ते पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे होते हुए लखनऊ जाएंगे।
* आगरा एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहन मोहान-जुनाबगंज-मोहनलालगंज-गोसाइगंज से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर जाएंगे।
* सीतापुर-शाहजहाँपुर से बस्ती-गोरखपुर जाने वाले वाहन आईआईएम रोड दुबग्गा, आलमबाग, नहरिया, शहीदपथ,अहीमामऊ होते हुए पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते जाएंगे।
* बलरामपुर, बहराइच, गोण्डा, श्रावस्ती से अयोध्या होकर लखनऊ जाने वाले वाहन गोण्डा, करनैलगंज,जरवल रोड, चौकाघाट, बदोसराय,सफदरगंज के रास्ते लखनऊ जाएंगे।
* सुल्तानुपर से बस्ती, गोरखपुर को जाने वाले वाहन कूडेभार से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते जाएंगे।
* रायबरेली से बस्ती-गोरखपुर जाने वाले वाहन हलियापुर से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे होते हुए जाएंगे।
* लखनऊ-बाराबंकी की ओर से आने वाले वाहन चौकाघाट, जरवल रोड, करनैलगंज व रामसनेही घाट-हैदरगढ़ के रास्ते जाएंगे।
* आजमगढ़-अम्बेडकरनगर से लखनऊ जाने वाले वाहन अम्बेडकरनगर से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते डाइवर्ट किये जाएंगे।
* कानपुर की ओर से आने वाले वाहन फतेहपुर, हुसैनगंज थाना से पहले गंगासो पुल थाना सरैनी (रायबरेली), लालगंज कस्बा से गुरबक्शगंज, बछरावां, शिवगंढ़ होते हुए हैदरगढ़ से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते गोरखपुर आएंगे और जाएंगे।
21 जनवरी की सुबह 8 बजे से प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन 22 जनवरी की शाम 8 बजे तक प्राण-प्रतिष्ठा में आमंत्रित, पास धारक और अयोध्या जनपद में पंजीकृत वाहनों को ही आवागमन की अनुमति होगी। इस दौरान सुल्तानुपर से आने वाले वाहन कूड़ेभार से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से होकर जाएंगे। लखनऊ-बाराबंकी की ओर से आने वाले वाहन दिलौना (रामसनेही घाट) से भिटरिया, हैदरगढ़, दरियाबाद, टिकैतनगर, रामनगर, बस्ती से आने वाले वाहन कलवारी मोड़ से टाण्डा, अकबरपुर, दोस्तपुर से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे होते हुए जाएंगे।
अम्बेडकरनगर की ओर से आने वाले वाहन यादव नगर से भीटी, हैदरगंज, बेरु बाजार, चौरे बाजार, रायबरेली से आने वाले वाहन हलियापुर से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे होते हुए जाएंगे। बलरामपुर, बहराइच, गोण्डा, श्रावस्ती से अयोध्या होकर लखनऊ जाने वाले वाहन गोण्डा, कर्नलगंज,जरवल रोड,चौकाघाट, बदोसराय, सफदरगंज,लखनऊ मार्ग पर ही चलेंगे।
प्राण-प्रतिष्ठा के दिन अयोध्या की ओर नहीं आएगा कोई वाहन
एसपी यातायात एपी सिंह ने सोमवार को बताया कि मुख्य समारोह के दिन 22 जनवरी को आमंत्रित अतिथियों, पास धारक तथा आकस्मिक सेवा से जुड़े वाहनों के अलावा सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रयागराज हाईवे पर पूराकलंदर थाने से, रायबरेली हाईवे पर सरियावां चौराहे से,लखनऊ हाईवे पर सोहावल ओवरब्रिज से, गोरखपुर हाईवे पर बस्ती जिले के घघौवा और गोंडा के लकड़मंडी तिराहा व लोलपुर से अयोध्या की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
इस दौरान सुल्तानपुर की ओर से आने वाले वाहनों को पिपरी मोड़,थाना पूराकलन्दर रोड से रामपुर भगन, तारुन, हैदरगंज, भीटी व जमूरतगंज, इटौरा तिराहा,अंजना बिलहरघाट,पूराबाजार के रास्ते अम्बेडकरनगर रोड तथा मसौधा तिराहे से महावा चौराहा, सरियावां चौराहा होते हुए रायबरेली रोड पर जाएंगे। रायबरेली की ओर से आने वाले वाहन मिल्कीपुर चौराहे से हैरिग्टनगंज,खजुरहट व सरियावां चौराहा से महावां चौराहा, मसौधा तिराहा सुल्तानपुर रोड पर जाएंगे।
अमानीगंज रोड,रुदौली व आजादनगर-सोहावल होते हुए लखनऊ हाईवे, लखनऊ हाईवे पर वाले वाहन हाईवे स्थित सोहावल ओवरब्रिज से ढेमुआघाट व सोहावल, आजादनगर, सरियावां चौराहा के रास्ते अपने गंतव्य को जा सकेंगे। अम्बेडकरनगर की ओर से आने वाले वाहन पूरा बाजार तिराहा बिलहरघाट, जलालपुर, सुल्तानपुर रोड व आने वाले वाहन कूढ़ाकेशवपुर,अचारी का सगरा,इटौरा, जलालपुर के रास्ते गंतव्य को जा सकेंगे।
नवीन मंडी से शान्ति चौक (एयरपोर्ट), अग्रसेन तिराहे वैरियर से शांति चौक, नवीनमंडी अण्डरपास तथा जनौरा कट,साईदाता कुटी,साकेतपुरी कॉलोनी मोड़, देवकाली ओवर ब्रिज,महोबरा ओवरब्रिज,साकेत फ्लाई ओवर से आवागमन बंद रहेगा। शहर से अयोध्या धाम आने वाले वाहन बेनीगंज तिराहे से देवकाली, उदया चौराहा से गैस गोदाम तिराहे,रानोपाली रेलवे कासिंग से दाहिने लंगड़वीर चौराहा होकर परिक्रमा मार्ग के रास्ते जाएंगें। साकेत डिग्री कॉलेज,विद्याकुण्ड तिराहा,बड़ी छावनी,रामघाट चौराहा, दीनबन्धु अस्पताल,गोलाघाट,मौनीबाबा आश्रम, मरदहिया घाट, मंत्रार्थ मण्डपम् से अयोध्या धाम में प्रवेश पूर्णतया प्रतिबन्धित रहेगा।
22 व 23 को रद रहेगी अयोध्या कैंट- लखनऊ स्पेशल ट्रेन
रेल मार्ग दोहरीकरण के कारण एक बार फिर से उत्तर मध्य रेलवे ने अयोध्या कैंट-लखनऊ स्पेशल ट्रेन को 23 और 24 जनवरी के निरस्त कर दिया है। चीफ पब्लिक रिलेशन ऑफिसर दीपक कुमार ने सोमवार को बताया कि इस दौरान अयोध्या कैंट से होकर जाने वाली कई ट्रेनों का मार्ग भी बदला है। 23 जनवरी को वंदे भारत वाया सुल्तानपुर होकर चलेंगी। 13009, 13010, 13307, 13308 और 13351 22 व 23 जनवरी को वाया प्रतापगढ़ होकर गुजरेंगी। 18103 व 15636 22 जनवरी को और 15623 23 जनवरी को वाया प्रतापगढ़ होकर जाएंगी। ट्रेन संख्या 15716 22 और 23 को, 09466 22 को, 13483/84 23 को व 15025 21 को वाया सुल्तानपुर होकर चलेगी।
यह भी पढ़ें:-नीति आयोग का दावा- भारत में नौ वर्ष में 24.82 करोड़ लोग गरीबी से उबरे
