पीलीभीत: अधिकांश जगह दूसरे दिन मनाई गई मकर संक्रांति, किया दानपुण्य
पीलीभीत, अमृत विचार: इस बार भी मकर संक्रांति दो दिन मनी। सोमवार को भी पूरे हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाया गया। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया था। देर शाम तक शहर के विभिन्न मंदिरों में लोगों ने भगवान का दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
.jpeg)
इसके अलावा कई जगह भंडारे का आयोजन किया गया। जहां श्रद्धालुओं ने खिचड़ी भोज किया। साथ ही लोगों ने तिल, गुड़, चावल और अन्न आदि का दान किया। मकर संक्रांति पर पूरे दिन बाजारों में खरीदारी का दौर चला। खाने और दान के लिए खिचड़ी, तिल-गुड़, गजक की जमकर खरीददारी की गई।

मकर संक्रांति पर ब्रह्म मुहूर्त से ही गौरीशंकर मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, अर्द्धनारीश्वर मंदिर, दूधिया नाथ मंदिर समेत जिले भर के मंदिरों में श्रद्धालु पहुंचे। जहां शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख समृद्धि की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने मंदिर के बाहर चावल, दाल, खिचड़ी, तिल, गजक आदि वितरित की। जिसको लेकर मंदिर में दिन भर भीड़ लगी रही।
कई श्रद्धालुओं ने कंबल और स्वेटर का भी बांटे। ताकि आर्थिक रुप से कमजोर लोग ठंड से बच सके। इसके बाद सुबह दस बजे से शहर में कई जगह भंडारे का आयोजन किया गया। शहर के धुनों वाले चौराहा के पास राजदीप शर्मा, शुभभ अग्रवाल, रोहित शर्मा आदि ने स्टाल लगाकर खिचड़ी बांटी। राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने भी खिचड़ी का वितरण किया।
गांधी स्टेडियम रोड पर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर पर भी खिचड़ी का भंडारा किया गया। लोक निर्माण विभाग के मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन की ओर से भी वर्कशॉप पर भंडारा कराया गया। इस मौक़े पर जिलाध्यक्ष रोचक वर्मा, जिला मंत्री संदीप शर्मा,कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश मौजूद रहे। इनके अलावा गौहनिया चौराहा, संजय रॉयल पार्क के बाहर,अशोक कॉलोनी गेट,नकटादाना चौराहा, बल्लभनगर कॉलोनी, एलएच शुगरफैक्ट्री रोड समेत कई अन्य स्थानों पर खिचड़ी भोज कराया गया। नगर पालिका चेयरमैन डॉ.आस्था अग्रवाल ने भी कोतवाली तिराहे समेत कई अन्य स्थानों पर खिचड़ी बांटी।
बरखेड़ा- मकर संक्रांति के दूसरे सोमवार को कस्बे में खिचड़ी भोज कराया गया। जहां लोगों ने खिचड़ी भोज का आनंद लिया। कस्बे में साई खदनिया बाबा फील्ड पर विकास कुमार, नरेश कुमार, सुशीला देवी, अनिल कुमार, पुत्तुलाल, बुद्धसेन ने भंडारे का आयोजन कराया। जहां दिन भरभीड़ लगी रही। इसके अलावा गांव गुलड़ा में स्थित शिव मंदिर पर मकर संक्रांति पर खिचड़ी व हलवे का भंडारा आयोजित किया गया।
जहां भक्तजनों की भीड़ लगी रही। सेवादारों ने शिव मंदिर पर प्रसाद वितरण किया। मंदिर के पुजारी जीत नाथ महाराज, नरेश मिश्रा, एस के मिश्रा सुभाष चंद्र सक्सेना, अमन मिश्रा, उमेश मिश्रा, मोहित सक्सेना मौजूद रहे। इधर, शेरबुड हाई सेकेंडरी स्कूल मे भी खिचड़ी भोज कराया गया। इस दौरान स्कूल के प्रबंधक डॉ. नरेंद्र गंगवार, सहायक प्रबंधक राकेश गंगवार, प्रधानाचार्य नंदराम, बंशीधर मिश्रा, राम नरेश तिवारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: ओटीएस योजना आई काम, पावर कारपोरेशन ने वसूले दो माह में पांच करोड़
