मैहर धाम में प्रयागराज के युवक ने चाकू से रेता अपना गला, हालत नाजुक 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। मैहर के मां शारदा धाम  में सोमवार शाम अंधविश्वास के चलते एक श्रद्धालु ने हवन कुंड में अपनी गर्दन पर चाकू चलाकर गर्दन को अलग करने की कोशिश की। देवी भक्त आस्था में इतना डूबा था कि मां के चरणो में सिर चढ़ाने की कोशिश की। प्रयागराज से देवी दर्शन के लिए मैहर धाम गये युवक ने मंदिर परिसर में हवन कुंड के पास अपने गले को चाक़ू से रेत लिया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची मैहर पुलिस ने  उसे गंभीर हालत में अस्पताल भेजा है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
 
पुलिस ने बताया कि सोमवार शाम तकरीबन साढ़े 7 बजे मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों की काफी चहल-पहल थी। तभी ऊपरी तल पर हवनकुंड के पास एक व्यक्ति आग ताप रहा था। उसने अचानक से चाक़ू निकाला और गर्दन पर चाकू चला लिया, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गया। यह देखकर अन्य यात्री शोर मचाने लगे। शोर सुनकर पुलिसकर्मी और मंदिर समिति के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। पूरा माजरा समझ में आते ही जख्मी दर्शनार्थी को आनन-फानन नीचे लाकर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। घायल युवक का नाम लालाराम पुत्र केशरी प्रसाद 30 वर्ष, निवासी गाढ़ा प्रयागराज बताया जा रहा है। वह अकेले ही ट्रेन से देवी दर्शन के लिए मैहर आया था।  

युवक की गंभीर हालत को देखते हुए मैहर से जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। उधर सूचना मिलने पर सीएसपी राजीव पाठक और टीआई अनिमेष द्विवेदी ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल जाना। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि युवक ने किस मन्नत के चलते देवी मां को अपना सिर अर्पित करने की कोशिश की है।

ये भी पढ़ें -बरेली: मुनव्वर राणा का चला जाना मेरे लिए दूसरा हादसा, प्रो. वसीम बरेलवी ने कहा- रात भर नहीं सो सका

संबंधित समाचार