हरदोई : मोबाइल शॉप में हुई सेंधमारी कर दस लाख से ज्यादा की चोरी, चाय के खोखे को भी नहीं छोड़ा
पाली/ हरदोई, अमृत विचार। मौसम के साथ-साथ चोरों की हरकतें भी बढ़ती जा रहीं हैं। अभी साण्डी पुलिस लाखों की चोरी में उलझी हुई थी कि उसी बीच सोमवार की रात में चोरों ने पाली कस्बे में मोबाइल शॉप में सेंध लगा कर वहां से 10 लाख के मोबाइल, टैबलेट और 50 हज़ार की नगदी पार कर दी। मंगलवार की सुबह इसका पता होते ही लोगों की भीड़ सड़क पर उतर आई। इस मामले की तहरीर दिए जाने पर जांच कर रही है।
बताया गया है कि पाली कस्बे के मोहल्ला मलिकाना निवासी मलिक हमीद उर्फ शानू पुत्र मलिक महमूद की वहीं कस्बे में प्राथमिक विद्यालय के बगल की मार्केट में मोबाइल शॉप है। बताते हैं कि सोमवार की रात में चोरों ने उसके पीछे की दीवार में सेंध लगा कर अंदर से 10 लाख के मोबाइल, टैबलेट और 50 हज़ार की नगदी पार कर दी। मंगलवार की सुबह इसका पता होते ही वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। काफी देर तक वहां भीड़ लगी रही। पुलिस ने मलिक हमीद उर्फ शानू की तरफ से दी गई तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।
चाय के खोखे को भी खंगाल ले गए चोर
पाली कस्बे में घुसने वाले चोरों ने मोबाइल शॉप के अलावा वहीं जूनियर हाईस्कूल के पास में रखे मोहल्ला काज़ी सरायं निवासी आशू गुप्ता पुत्र ओमप्रकाश गुप्ता के चाय के खोखे को भी खंगाल ले गए। आशू गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि सोमवार की रात में उसके खोखे को तोड़ कर चाय के बर्तन, बीड़ी, सिगरेट और पान मसाला समेत पांच हज़ार रुपये की चोरी हो गई।
ये भी पढ़ें -पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा के पास पकड़ी डेढ़ करोड़ की हेरोइन, दो लोग गिरफ्तार
