Fatehpur: अंगीठी जलाकर सोए दो मजदूरों की दम घुटने से मौत… दो अन्य जिला अस्पताल में भर्ती, परिवार में मची चीख-पुकार
फतेहपुर में अंगीठी जलाकर सोए दो मजदूरों की दम घुटने से मौत।
फतेहपुर में अंगीठी जलाकर सोए दो मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। दो अन्य मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी।
फतेहपुर, अमृत विचार। सर्दी से बचने के लिए सोमवार की रात अंगीठी जलाकर कमरे में सोए चार मजदूरों में दो मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। वहीं दो की हालत बिगड़ गई। जिन्हें कर्मचारी साथियों ने आनन-फानन में एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मलवां थाना क्षेत्र के सौंरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित बीएल मेटल फैक्ट्री में रायबरेली जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव के रहने वाले कमलेश, ओमप्रकाश, शिवकुमार और राजबहादुर मजदूरी करते थे। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में पुरानी बैट्री तोड़ने का वह काम करते थे। सोमवार को काम करने के बाद चारों मजदूर कमरे में सोने चले गए थे।
कड़ाके की सर्दी से बचने के लिए उन्होंने कमरे में अंगीठी जलाई थी। जो जलती छोड़कर सभी सो गए थे। मंगलवार सुबह देर तक कमरे से मजदूर नहीं निकले तो अन्य कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला और न ही दरवाजा खुला। आशंका के चलते साथियों ने दरवाजा तोड़ दिया। अन्दर का नजारा देख दंग रह गए। कमलेश और ओमप्रकाश की मौत हो चुकी थी।
वहीं शिवकुमार और राजबहादुर की हालत गंभीर देख एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां भर्ती कर डाक्टर ने उनका उपचार शुरू कर दिया। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि कमरे में अंगीठी सुलगती मिली है, आशंका है कि उसी से दम घुटने के बाद दोनों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर बाकी की जांच पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें- कानपुर: चार मंजिला अपार्टमेंट में शार्ट-सर्किट से लगी भीषण आग, 16 लोग किए गए रेस्क्यू
