Banda: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना... 700 गरीब जोड़े परिणय सूत्र में आज बंधेंगे, तीन मंत्री, सांसद और विधायक देंगे बेटियों को आशीर्वाद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में आज मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की तैयारियां पूरी कर ली गईं।

बांदा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की तैयारियां पूरी कर ली गईं। आज तीन मंत्री , सांसद व विधायक 700 बेटियों को आशीर्वाद देंगे। अलग-अलग पंडाल और मंडपों में शादी की भांवर, जयमाल समेत अन्य रस्में पूरी होंगी।

बांदा, अमृत विचार। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की तैयारियां पूरी कर ली गईं। आज तीन मंत्री , सांसद व विधायक 700 बेटियों को आशीर्वाद देंगे। अलग-अलग पंडाल और मंडपों में शादी की भांवर, जयमाल समेत अन्य रस्में पूरी होंगी।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह आज जीआईसी ग्राउंड में आयोजित होगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी अभिषेक अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में जल शक्ति मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह सहित समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार व जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, सांसद आरके सिंह पटेल, सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल,सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी,नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, एमएलसी बाबूलाल तिवारी, एमएलसी जितेन्द्र सिंह आदि हाथ पीले होने के बाद 700 बेटियों को आशीर्वाद देंगे।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम 1

13 अल्पसंख्यक बेटियों का होगा निकाह 

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में कुल 700 जोड़े शामिल हो रहे हैं। इनमें 13 अल्पसंख्यक जोड़े भी शामिल हैं। अल्पसंख्यक बेटियों के लिए दक्षिण दिशा में अलग से मंडप व पंडाल सजाया गया है। यहां काजी मुस्लिम रीति-रिवाज के साथ उनका निकाह कराएंगे। इसके अलावा वैवाहिक समारोह में अनुसूचित जाति से 349 और पिछड़ी जाति से 317 बेटियों के हाथ पीले होंगे। जबकि सामान्य वर्ग की पांच बेटियां अपने जीवन साथी का वरण धार्मिक रीति-रिवाज के साथ करेंगे।

डीएम व एसपी ने विवाह स्थल का किया स्थलीय निरीक्षण

डीएम दुर्गाशक्ति नागपाल ने एसपी अंकुर अग्रवाल के साथ कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए विवाह कार्यक्रम में आने वाले आंगतुकों एवं विशिष्ट अतिथियों के बैठने,ब्लॉक स्तर पर वर एवं वधू के बैठने, कार्यक्रम स्थल पर दो समान व वितरण केंद्र बनाने एवं वितरण के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने और एक हेल्पडेस्क बनाए जाने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई व डस्टबिन लगाए जाने तथा ठंड से बचाव और बेटियों को शादी के लिए तैयार होने के लिए अलग व्यवस्था करने, विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र की व्यवस्था सहित मुस्लिम परिवार की गरीब बेटियों के लिए उनके रीति रिवाज के मुताबिक वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न कराने की व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए।

इस मौके पर एडीएम राजेश कुमार, सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य, अपर एसपी लक्ष्मी निवास मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- Kanpur: बंद क्रासिंग पार करते समय साइकिल समेत बुजुर्ग को समेट ले गई शताब्दी, VIDEO देखकर खड़े हो जाएंगे रोंगटे

संबंधित समाचार