अयोध्या : लाइसेंसी पिस्टल से अचानक फायर होने से प्रबंधक व शिक्षक विधायक प्रतिनिधि घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या,अमृत विचार। पीडी पांडेय इंटर कॉलेज सोनैसा के प्रबंधक और शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी के प्रतिनिधि राकेश पांडेय मंगलवार को अपने ही घर में अचानक लाइसेंसी पिस्टल से फायर होने के चलते घायल हो गए। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें वापस घर भेज दिया है।

बताया गया कि नगर कोतवाली क्षेत्र के पहाड़गंज मोहल्ला स्थित बैंकर्स कॉलोनी हनुमंत नगर जीवन अस्पताल के बगल निवासी विद्यालय प्रबंधक 63 वर्षीय राकेश पांडेय पुत्र हृदय राम मंगलवार की सुबह अपने घर में अलमारी से एक फाइल निकाल रहे थे। फाइल निकालने के दौरान आलमारी में रखी उनकी लाइसेंसी पिस्टल अचानक गिरी और पिस्तौल से फायर हो गया। गोली उनके दोनों पैरों के बीच से होते हुए बेड के नीचे जा लगी। अचानक फायर होने से बदहवास प्रबंधक ने अपने पैरों से खून निकलता देखा तो उनको गोली लगने का एहसास हुआ। वही फायरिंग की आवाज पर परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए तथा उनकी पत्नी गीता ने तत्काल उनको जिला अस्पताल पहुंचाया।

जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि गोली पैरों के बीच छूते हुए निकल गई थी। इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर पीड़ित का प्राथमिक उपचार किया गया है और हालात समान होने के चलते वापस घर भेज दिया गया। दूरभाष पर प्रबंधक राकेश पांडेय ने बताया कि लोडेड पिस्तौल से अचानक फायर होने के चलते यह हादसा हुआ। अब चिंता की कोई बात नहीं है। मामले की जानकारी पर माध्यमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी संजीव चतुर्वेदी समेत अन्य ने प्रबंधक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

ये भी पढ़ें -मंदिर निर्माण का संकल्प हुआ पूरा तो पैदल नाप दी 925 किलोमीटर की दूरी, पढ़िए कौन हैं ये रामभक्त

संबंधित समाचार