अयोध्या: कारसेवकपुरम में वाहनों का प्रवेश बंद, सरयू में तैनात हो रहे प्रहरी, बढ़ी निगरानी
अयोध्या, अमृत विचार। प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर रामनगरी में सुरक्षा घेरा कसने लगा है। आने जाने वालों की जांच तलाशी के साथ पड़ताल जारी है। कारसेवकपुरम में सामान्य वाहनों का प्रवेश मंगलवार से प्रतिबंधित कर दिया गया। पड़ोसी जनपद की सीमा से लगे सरयू नदी और उसके कछार के इलाकों की निगरानी के लिए प्रहरी, जियो फेंसिंग व तकनीक का सहारा लिया जा रहा है।
एडीजी लखनऊ जोन पीयूष मोर्दिया ने रामनगरी की सुरक्षा व्यवस्था के स्थलीय निरीक्षण और समीक्षा के बाद सुरक्षा कारणों से मीडिया समेत अन्य के वाहनों का कारसेवकपुरम में प्रवेश बंद कराया है। यहीं पर ट्रस्ट महासचिव समेत विहिप के शीर्ष पदाधिकारियों का निवास है। यहीं से प्राण प्रतिष्ठा समारोह कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का संचालन किया जाता है।
निगरानी के तहत रामनगरी के विभिन्न प्रवेश द्वारों पर आने-जाने वाले वाहन और लोगों की जांच पड़ताल कराई जा रही है। हवाई निगरानी के लिए ड्रोन दस्ते को सक्रिय किया गया है। आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि सीमा और सरयू की निगरानी के लिए सरयू में फ्लोटिंग कंट्रोल रुम बनाया गया है। सरयू प्रहरी,जियो फेनेसिंग व ड्रोन टेक्नोलॉजी के सहयोग से जलमार्ग की निगरानी कराई जा रही है। स्थानीय लोगों और नाविकों व गोताखोरों का भी सहयोग लिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:-सुलतानपुर: एक ही नारा एक ही नाम जय श्रीराम जय श्रीराम... से गूंजा पूरा शहर, निकाली गई शोभायात्रा
