अयोध्या में अब गोली नहीं चलेगी, मिलेंगे लड्डू के गोले, बोले सीएम योगी- भारत में राम के बिना संभव नहीं कोई काम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिसने राम को भजा वह हनुमान की तरह तर गया और जो भागा वह मारीच की तरह पशुवत मारा गया

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मगंलवार को कहा कि नई अयोध्या में अब कभी कर्फ्यू नहीं लगेगा, बल्कि राम नाम संकीर्तन होगा। अब यहां कभी गोली नहीं चलेगी, बल्कि रामभक्तों को लड्डू के गोले मिलेंगे। उन्होंने कहा है अब अयोध्या में कोई पंचकोसी, 14 कोसी और 84 कोसी परिक्रमा रोकने का साहस नहीं करेगा।

मुख्यमंत्री योगी, मंगलवार को हेरिटेज हैंडवीविंग रिवाइवल चैरिटेबल ट्रस्ट के एक अभिनव प्रयास के तहत देश के 12 लाख हस्तशिल्पियों द्वारा श्रीरामलला के लिए तैयार विशिष्ट वस्त्र को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंपे जाने के अवसर पर अपने विचार रख रहे थे। 

मुख्यमंत्री आवास पर हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारत में राम के बगैर कोई काम नहीं होता। जन्म हो तो अखण्ड रामायण का पाठ होता है, कोई अन्य मांगलिक कार्यक्रम हो तो रामनाम संकीर्तन। सोते, जागते, भोजन करते, हर्ष में, दुःख में शोक में यहां तक कि जीवन की अंतिम यात्रा में राम नाम का उच्चारण होता है। 

22 जनवरी को श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में रामलला के नव विग्रह के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह पर अपनी भावनाएं प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राम तो परमपिता परमेश्वर हैं, कण-कण में व्याप्त हैं, लेकिन अयोध्या जी में नव्य मंदिर में राम के नवीन विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा लोकआस्था और जनविश्वास की पुनर्प्रतिष्ठा है।

500 वर्षों तक श्रीरामजन्मभूमि का मुद्दा कभी दबा नहीं। कभी पूज्य संतों ने तो कभी राजे-रजवाड़ों ने तो कभी धर्मयोद्धाओं ने, अलग-अलग कालखंड में लोगों ने इस विषय को जीवित रखा। संघर्ष जारी रखा। बिना रुके, बिना थके, बिना डिगे, बिना झुके, मिशन बनाकर लड़ते रहे। ऐसा उदाहरण किसी अन्य प्रकरण के लिए अन्यत्र कहीं नहीं देखने को मिलता। 

अयोध्या को आज गौरव के अनुरूप मिला रहा सम्मान

अयोध्या में जारी विकास कार्यों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अयोध्याजी अपने गौरव के अनुरूप सम्मान प्राप्त कर रहीं हैं। गोरखपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, हर जगह से बेहतर कनेक्टिविटी है। लखनऊ से तो जल्द ही हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने जा रहे हैं। आज सरयू में क्रूज चल रहे हैं, अयोध्याधाम में अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा संचालित है। यह सब कुछ समय पूर्व तक कल्पना से परे था लेकिन रामकृपा से आज यह सब साकार हो रहा है।

हेरिटेज हैंडवीविंग रिवाइवल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा रामलला के लिए 12 लाख हस्तशिल्पियों द्वारा वस्त्र तैयार करने के प्रयास की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा इस वस्त्र में रामभक्ति का ताना है और हस्तशिप का बाना है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए को धन्यवाद दिया और वस्त्र को श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी जी को सौंपा।

ये भी पढ़े:-  यूपी: पढ़ाना छोड़ दुल्हनियां सजाने में जुटी सरकारी शिक्षिकाएं, बांदा के CDO ने जारी किया अजीब फरमान

संबंधित समाचार