संभल : किसान को मृत दिखाकर हड़पी जमीन, लेखपाल व कानूनगो गिरफ्तार
संभल,अमृत विचार। फर्जी तरीके से ग्रामीण को मृत दर्शाकर कृषि भूमि का बैनामा करा देने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जिंदा ग्रामीण को सरकारी दस्तावेजों में मृत दिखाकर जमीन दूसरे के नाम करने के आरोपी लेखपाल व कानूनगो को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव लखनपुर के गंगाराम की कृषि भूमि की पैमाइश करने के लिए एक महीने पहले लेखपाल राकेश कुमार के साथ महिला और कुछ लोग पहुंचे तो गंगाराम चौंक गया। पूछा तो महिला माया देवी ने बताया कि जमीन उसने गांव भैंसरोली के वीरपाल से बैनामा कराकर खरीदी गंगाराम ने कृषि भूमि अपनी बताते हुए पैमाइश का विरोध किया।
तहसील से जानकारी करने पर गंगाराम को पता चला कि भैंसरोली के वीरपाल ने लेखपाल और कानूनगो से षड्यंत्र कर गंगाराम को मृत दर्शाकर तथा खुद को गंगाराम का भाई बताते हुए फर्जी तरीके से भूमि अपने नाम दर्ज करा ली। इसके बाद वीरपाल ने यह जमीन महिला माया देवी को बेचकर उसके नाम जमीन का बैनामा कर दिया।
गंगाराम ने फर्जीवाड़े की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस से गुहार लगाई लेकिन जब पुलिस ने नहीं सुनी तो वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद कुमार सक्सैना की और से अदालत में अर्जी दी। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिये तो पुलिस ने लेखपाल राकेश कुमार,कानूनगो भारत सिंह,वीरपाल निवासी भैंसरोली,माया देवी के साथ ही बैनामे के गवाह दिनेश कुमार व भजनलाल निवासी नूरपुर ततारपुर के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट दर्ज कर वीरपाल को गिरफ्तार कर लिया था। मं
गलवार को पुलिस ने आरोपी लेखपाल राकेश निवासी डुप्टा खुर्द थाना रजपुरा व कानूनगो भारत सिंह निवासी सैमला थाना गुन्नौर को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल पवन कुमार ने बताया कि लेखपाल व कानूनगो को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
ये भी पढ़ें:- संभल: पति को छोड़ प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी युवती, तीन दिन बाद हुआ निकाह
