लखीमपुर-खीरी: बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर शुरू हुआ मंथन, डीआईओएस ने 23 को बुलाई बैठक
लखीमपुर खीरी, अमृत विचारः यूपी बोर्ड परीक्षा 2024 कराने के लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अन्य व्यवस्थाओं को पुख्ता करने को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। डीआईओएस डॉ एमपी सिंह ने समस्त परीक्षा केंद्रों के परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक 23 जनवरी 2024 को बुलाई है, जिसमें परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने की रणनीति तय की जाएगी।
बता दें कि जनपद में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों के कुल 137 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और कक्ष निरीक्षकांें की ड्यूटी लगाई जाएगी, जिसके लिए 23 जनवरी 2024 को दो चरणों में होने वाली केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक में चर्चा कर रणनीति बनाई जाएगी।
बोर्ड परीक्षाओं से पहले प्रयोगात्मक परीक्षाएं 25 जनवरी 2024 से प्रारम्भ हो जाएंगी। वहीं बोर्ड परीक्षाएं 22 फरवरी 2024 से प्रारंभ होकर नौ मार्च 2024 तक चलेंगी। परीक्षा से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कराने के लिए मोहम्मदी, मितौली, पलिया और निघासन तहसील के समस्त परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ पहले चरण में डीआईओएस कार्यालय के सभागार में 23 जनवरी 2024 को दोपहर 12 बजे से बैठक होगी।
इसके बाद लखीमपुर, धौरहरा एवं गोला तहसील के केंद्र व्यवस्थापकों के साथ अपरान्ह दो बजे से बैठक की जाएगी। बैठक में एजेंडा के अनुसार प्रयोगात्मक परीक्षा व बोर्ड परीक्षा 2024 के दौरान आनलाइन मानीटरिंग के लिए विद्यालय गेट व प्रयोगशाला कक्ष में वायस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी किए जाने की सूचना केंद्र व्यवस्थापकों से मांगी गई है। मानीटरिंग सेल से आनलाइन निगरानी के लिए इंटरनेट व्यवस्था के संबंध में समीक्षा की जाएगी।
बोर्ड परीक्षा 2023 के केंद्र व्यवस्थापकों व निरीक्षकों के पावना बिल मांगे
डीआईओएस डॉ एमपी सिंह ने पिछले वर्ष हुई बोर्ड परीक्षा 2023 के दौरान निर्धारित परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकांे व प्रधानाचार्यों से उनके यहां के केंद्र व्यवस्थापकों व कक्ष निरीक्षकों के पावना बिल मांगे हैं। डीआईओएस ने कहा है कि यह अंतिम अवसर है, जिसके बाद पारिश्रमिक का भुगतान न होने की दशा में प्रधानाचार्य व केंद्र व्यवस्थापक स्वयं उत्तरदाई होंगे।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: 20 जनवरी को नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा, प्रधानाचार्यों को बैठक में दिए निर्देश
