Chitrakoot News: साले की शादी में आए जीजा की पयस्वनी नदी में डूबकर मौत; ठंडे पानी से बाहर आने में रहा था असफल...
चित्रकूट में एक युवक की पयस्वनी नदी में डूबकर मौत हो गई।
चित्रकूट में एक युवक की पयस्वनी नदी में डूबकर मौत हो गई। युवक अपने साले की शादी में गया था। जहां वह नहाने के लिए पयस्वनी नदी में कूद गया। नदी का पानी ठंडा होने के कारण वह बाहर नहीं आ सका।
चित्रकूट, अमृत विचार। साले की शादी में आए जीजा की पयस्वनी नदी में डूबकर मौत हो गई। गुरुवार की सुबह वह नदी में नहाने को उतरा तो फिर जिंदा बाहर नहीं आ सका। युवक की मौत से शादी वाला माहौल मातम में तब्दील हो गया।
जानकारी के मुताबिक, मप्र के निवाड़ी जिले के जेरोन गांव से राहुल पुत्र पन्नालाल की बारात कोतवाली थाना क्षेत्र के रगौली गांव आई थी। गांव निवासी कल्लू की बेटी मल्हू देवी की शादी थी। विवाह कार्यक्रम कर्वी में पयस्वनी नदी के पुलघाट के किनारे शिव मंदिर में गुरुवार को संपन्न होना था। जनाती और घराती वहीं मंदिर किनारे के एक कमरे में ठहरे थे।
सुबह से ही वहां शादी की चहलपहल और धूमधाम मची थी। परिजनों ने बताया कि इसी दौरान नदी में नहाने का कार्यक्रम बना। ठंड भीषण होने की वजह से अन्य लोगों की हिम्मत नदी में उतरने की नहीं हुई पर राहुल का जीजा लखनलाल (30) पुत्र पर्वत लाल नहाने की बात कहकर नदी में उतर गया।
बहुत ज्यादा ठंडा पानी होने से वह गहराई में तो गया पर ऊपर नहीं आया। यह देखकर रिश्तेदारों में चीखपुकार मच गई। कई लोगों ने नदी में उतरकर उसे बचाने की कोशिश की पर वह नहीं मिला। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे निकाला गया और लोग जिला अस्पताल ले गए पर वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सीतापुर चौकी प्रभारी श्यामदेव सिंह ने बताया कि युवक की डूबने से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। युवक मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। उधर, हादसे के बाद शादी का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।
