संतकबीरनगर : महीनों से वेतन न मिलने से आक्रोशित सफाई कर्मियों ने किया नगरपालिका का घेराव - Video

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रभारी ईओ ने 24 घंटों के भीतर वेतन जारी करने का दिया निर्देश

संतकबीरनगर, अमृत विचार। पिछले कई महीनों से वेतन भुगतान न किए जाने से नाराज़ नगरपालिका खलीलाबाद के सफाई कर्मियों ने बृहस्पतिवार को नगरपालिका कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए खूब हंगामा किया। प्रदर्शन और हंगामे की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी खलीलाबाद और प्रभारी ईओ शैलेश दूबे आनन फानन में नगरपालिका कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर सभी सफाई कर्मियों से उनकी समस्याएं पूछी और बाद में ठेकेदार केशरी राय को बुलाकर कर्मचारियों का वेतन अगले 24 घंटों के भीतर जारी करने का निर्देश दिया।

बताते चलें कि नगरपालिका खलीलाबाद में नियमित और संविदा सफाई कर्मियों के साथ ही दर्जनों सफाई कर्मियों को ठेके पर रखा गया है। नियमित और संविदा सफाई कर्मियों को तो उनकी वेतन हर महीने उनके बैंक खातों में आ जाती है। लेकिन ठेका सफाई कर्मियों को नगरपालिका के ठेकेदार द्वारा वेतन दी जाती है। सफाई नायकों की रिपोर्ट के आधार पर उन्हें वेतन दी जाती है। सफाई कर्मियों ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के बाद से ही सफाई कर्मियों का वेतन जारी करने में भेद-भाव किया जा रहा है। तमाम सफाई कर्मी तो ऐसे भी हैं जिन्हें पिछले छह महीने से वेतन नहीं मिला है। तमाम आश्वासन के बाद भी जब जनवरी माह में भी उन्हें वेतन नहीं मिला तो उनका धैर्य जवाब दे गया। बृहस्पतिवार को सभी सफाई कर्मियों ने नगरपालिका कार्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए खूब हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पहुंचे उप जिलाधिकारी और प्रभारी ईओ शैलेश दूबे ने बारी बारी से सभी कर्मचारियों को अपने चैंबर में बुलाकर उनकी समस्याएं पूछीं। कर्मचारियों ने बताया कि पहले उन्हें 8600 रुपए वेतन मिलते थे बाद में उनके वेतन से कटौती करके महज 7800 रुपए ही भुगतान किया जाने लगा। इसके अलावा उनके फण्ड की कटौती कर ली जाती है लेकिन उसका कोई प्रमाणिक मैसेज नहीं भेजा जा रहा है। तमाम सफाई कर्मियों को अकारण अनुपस्थित दिखाकर उनके वेतन की कटौती कर दी जाती है। 

22 - 2024-01-18T184431.139

कर्मचारियों ने बताया कि सफाई कर्मी भीषण ठंड के बावजूद आधी रात से ही सफाई करने में जुट जाते हैं, लेकिन उन्हें वेतन के लाले पड़े हैं। ऊपर से चुनाव के बाद नव निर्वाचित चेयरमैन के लोगों द्वारा नौकरी से निकाल देने की धमकियां भी दी जा रही हैं।

24 घंटे के भीतर सभी सफाई कर्मियों को मिलेगा वेतन
एसडीएम/ प्रभारी ईओ शैलेश दूबे ने सफाई ठेकेदार केशरी राय को नगरपालिका कार्यालय बुलाया। उन्हें सफाई कर्मियों का बकाया वेतन 24 घंटों के भीतर जारी करने का निर्देश दिया। प्रभारी ईओ ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि जबतक वे ईओ और एसडीएम के रूप में खलीलाबाद में तैनात हैं किसी भी कर्मचारी को नौकरी से नहीं निकाला जाएगा।

बायोमेट्रिक मशीन से लगेगी सफाई कर्मियों की हाजिरी
सफाई कर्मियों के लिए नगरपालिका कार्यालय पर बायोमेट्रिक मशीन लगवा दी गई है। सभी कर्मचारी अपना अंगूठा लगाकर हाजिरी लगाएंगे जिससे कोई उन्हें अनुपस्थित नहीं कर सकेगा। सभी कर्मचारियों को पूर्व की भांति 8600 रुपए वेतन के रूप में मिलते रहेंगे। प्रभारी ईओ के आश्वासन के बाद सफाई कर्मियों का ग़ुस्सा शांत हो गया। प्रभारी ईओ ने कहा कि सारी समस्याओं का निदान कराने के बाद वे शनिवार को नगरपालिका के सफाई कर्मियों और सफाई नायकों के साथ बैठक करेंगे और उनकी सभी समस्याओं का निदान कराएंगे।

शासन से मिली 316 की सूची, काम कर रहे 511 - तो कैसे करें वेतन का भुगतान
ठेकेदार केशरी राय ने बताया कि ठेका लेते समय मुझे 316 सफाई कर्मियों की सूची दी गई थी। वर्तमान समय में नगरपालिका में 511 सफाई कर्मचारी काम कर रहे हैं। ऐसे में मानक के अनुसार सभी का वेतन भुगतान कर पाना बड़ा मुश्किल है। उन्होंने कर्मचारियों को दो महीने का वेतन अपने पास से दिया है। आगे ईओ साहब और चेयरमैन जगत जायसवाल से बात कर समस्या के निराकरण का प्रयास करेंगे। जिससे कर्मचारियों को वेतन की दिक्कत न आने पाए।

ये भी पढ़ें -संसद सुरक्षा चूक मामला: दिल्ली की कोर्ट ने नीलम आजाद को जमानत देने से किया इनकार

संबंधित समाचार