श्रीराम मंदिर अयोध्या : मंदिर परिसर की सुरक्षा एसपीजी की निगरानी में
अयोध्या, अमृत विचार। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर उलटी गिनती शुरू हो गई है। मंदिर परिसर की सुरक्षा निगरानी एसपीजी ने संभाल ली है। बख्तरबंद वाहनों के साथ एटीएस कमांडों ने गुरुवार को काफिले के साथ मार्च किया। हाइवे पर शुक्रवार से भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किये जाने की तैयारी है। राम पथ और मंदिर परिसर की साज-सज्जा को लेकर रामनगरी में ऑटो-विक्रम और टैंपो तथा ई रिक्शा का मार्ग बदला गया है। परिसर की सुरक्षा को लेकर रामजन्मभूमि पथ के प्रवेश द्वार पर टायर किलर स्थापित हुआ है। आपात स्थिति के लिए सेना की संचार शाखा ने परिसर के आसपास संचार प्रणाली का जायजा लिया है।
जन्मभूमि पर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर अनुष्ठान शुरू होने के बाद ट्रस्ट की ओर से परिसर के बाहर श्रद्धालुओं की सुविधा और सहूलियत तथा सुरक्षा के लिए लगाए गए प्राइवेट सुरक्षा गार्डों को भी सतर्क और संवेदनशील किया जा रहा है। मुख्यालय से गुरुवार को पहुंची प्रशिक्षण वैन के माध्यम से ड्यूटी में तैनात प्राइवेट सुरक्षा गार्डों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया गया।
ये भी पढ़ें -श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा और गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस सतर्क, बांदा में चला सघन चेकिंग अभियान
