शाहजहांपुर: अवैध कब्जे हटवाने पहुंची सेना पुलिस, कड़ाके की ठंड देख दी मोहलत
शाहजहांपुर, अमृत विचार: पुवायां-निगोही बाईपास स्थित मछली मार्केट के पास कैंट बोर्ड की जमीन पर सालों से सैकड़ों अवैध कब्जाधारी काबिज हैं। बीते दिनों इन्हें नोटिस देकर 22 जनवरी तक कब्जा हटाने को कहा गया था, लेकिन समय सीमा पूरी होने से पहले ही बुधवार को यहां सेना पुलिस और अधिकारी जेसीबी लेकर पहुंच गए। जिससे स्थानीय लोग सकते में आ गए। बाद में अधिकारियों ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए 10 से 15 दिन की मोहलत दे दी।
यहां रह रहे परिवारों को भूमि खाली करने के लिए एक सप्ताह पहले रक्षा संपदा विभाग बरेली की ओर से नोटिस जारी किए गए थे। कुछ नोटिस मकानों पर भी चस्पा कराए गए थे। जिसमें 22 जनवरी तक का समय दिया गया था, लेकिन समय सीमा से 4 दिन पहले बृहस्पतिवार को ही डिफेंस के अधिकारी, सेना पुलिस, यूपी पुलिस जेसीबी मशीन आदि मशीनरी लेकर अवैध कब्जे हटाने को पहुंच गए।
जिससे अफरा-तफरी मच गई। जेसीबी और सेना की पुलिस देखकर वाशिंदों के होश उड़ गए। जानकारी पर वाल्मीकि समाज के नेता सुरेंद्र वाल्मीकि व सिटी मजिस्ट्रेट डा. वेद प्रकाश मिश्र भी मौके पर पहुंच गए। यहां रह रहे लोगों ने हाथ जोड़कर ठंड को देखते हुए मोहलत मांगी। हालांकि कुछ परिवारों ने डर के मारे घर से सामान निकालकर सड़क किनारे पहले ही रख लिया था।
इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने कैंट चौकी पहुंच कर वहां मौजूद उप मंडल अधिकारी रक्षा संपदा रामकुमार, उप मंडल अधिकारी रक्षा संपदा बरेली राघवेंद्र सिंह, कैंट इंजीनियर शाहजहांपुर संजय कुमार से वार्ता की। जिसके बाद डिफेंस अधिकारियों मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए 10 से 15 दिन की मोहलत दे दी। उन्होंने कहा कि अगर इसके बाद भी अवैध कब्जे स्वयं नहीं हटाए गए तो संपत्ति विभाग की ओर से कब्जे हटाए जाएंगे और अगली बार मोहलत नहीं मिलेगी। इसके बाद अधिकारी वापस चले गए।
कई बार पूर्व में भी नोटिस जारी किया जा चुका है। अभी एक सप्ताह पहले भी नोटिस चस्पा कराए गए थे। अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की जानी थी, लेकिन ठंड को देखते हुए मोहलत दी गई है। 37 नोटिस जारी किए गए थे। यह कार्रवाई डिफेंस स्टेट आफिसर्स के निर्देशन में की जा रही थी--- रामकुमार, उप मंडल अधिकारी रक्षा संपदा बरेली।
कुछ परिवार कैंट बोर्ड की जमीन पर रह रहे हैं। जिनको हटाने के लिए सेना पुलिस गई थी। वांशिदो ने ठंड में हटाए जाने को लेकर समय मांगा। जिसके बाद उनको कुछ दिनों की मोहलत दी गई है---डा. वेद प्रकाश मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: पत्नी को घर से निकाला... भाई की साली के साथ पति हुआ फरार, पांच लोगों पर FIR
