शाहजहांपुर: पत्नी को घर से निकाला... भाई की साली के साथ पति हुआ फरार, पांच लोगों पर FIR
DEMO IMAGE
शाहजहांपुर, अमृत विचार: दहेज की खातिर पति व अन्य ससुराल वालों ने विवाहिता को पीटकर घर से निकाल दिया। कुछ दिन बाद पति अपने भाई की साली को लेकर चंपत हो गया। पीड़िता मायके में रह रही है। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के गांव उमरसड़िया निवासी नीतू ने बताया कि उसकी शादी छह साल पहले वीरभान निवासी नयागांव कुदरासी थाना कलान के साथ हुई थी। उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था। ससुराल वाले कम दहेज को लेकर महिला को प्रताड़ित करने लगे। ससुराल वालों ने नीतू से कहा कि मायके से दो लाख रुपये व एक बाइक मंगाकर दो।
महिला ने ससुराल वालों से कहा कि मायके वाले दो लाख रुपये व बाइक नहीं दे पाएंगे। इस बात से ससुराल वाले नाराज हो गए और अधिक प्रताड़ित करने लगे। उसकी दो बेटियां है। आरोप है कि दो माह पूर्व ससुराल वालों ने नीतू को मारा पीटा और घर से निकाल दिया। महिला ने अपने भाई को फोन किया और उसका भाई आकर ले गया था।
उसका आरोप है कि दस दिन बाद उसका पति अपने भाई की साली संगीता निवासी फर्रुखाबाद को भगाकर कहीं ले गया है। वह मायके में रह रही है। ससुराल वाले ले जाना नहीं चाहते। पीड़ित महिला ने बताया कि कलान थाने पर तहरीर दी। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता सीओ जलालाबाद से मिली। पुलिस ने पति वीरभान, राजपाल, शर्मा देवी, अनीता देवी, विश्वनाथ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: सामान्य से पांच डिग्री कम रहा तापमान, ठिठुरे लोग
